
लंदन, 12 अगस्त (वार्ता) सनराइजर्स लीड्स को मंगलवार रात मैनचेस्टर सुपर जायंट्स के हाथों मिली बड़ी हार ने द हंड्रेड पुरुष प्रतियोगिता में उन्हें अप्रत्याशित रूप से बाहर होने के खतरे में डाल दिया है। सनराइजर्स की हार ने एमआई लंदन को अगले मुकाबले में बेहतर रन रेट कर एलिमिनेटर राउंड में पहुंचने का अवसर दिया। अपने आख़िरी लीग मैच की शुरुआत सनराइजर्स लीड्स ने फ़ाइनल में पहुंचने की उम्मीद के साथ की थी, लेकिन टिम साइफ़र्ट की 40 गेंदों में नाबाद 80 रन की पारी ने सुनिश्चित किया कि सुपर जायंट्स 128 रन का लक्ष्य 33 गेंद शेष रहते हासिल कर ले।
इसके बाद सनराइजर्स नेट रन रेट के आधार पर तीसरे स्थान पर खिसक गई, जबकि सुपर जायंट्स दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। ट्रेंट रॉकेट्स शीर्ष पर है और पहले ही फाइनल में जगह बना चुका है। सनराइजर्स और सुपर जायंट्स दोनों के पास 20-20 अंक हैं। उनके ठीक पीछे एमआई लंदन और वेल्श फ़ायर 16 अंकों पर हैं। हालांकि फ़ायर की उम्मीदें बेहद खराब रन औसत के कारण लगभग समाप्त हो चुकी हैं। हालिया हार के बाद सनराइजर्स का नेट रन रेट 1.094 से गिरकर 0.602 रह गया है। एमआई लंदन का नेट रन रेट 0.262 है, इसलिए उन्हें सनराइजर्स को पीछे छोड़ने के लिए बहुत बड़ी जीत दर्ज करनी होगी। अगर एमआई लंदन पहले बल्लेबाज़ी करता है तो उसे फ़ीनिक्स को कम से कम 59 रन से हराना होगा।
अगर एमआई लंदन पहले गेंदबाजी करता है तो उसे लक्ष्य कम से कम 35 गेंद शेष रहते हासिल करना होगा। यदि फीनिक्स का स्कोर कम रहता है या फिर एमआई लंदन बराबरी के स्कोर पर चौका लगाकर मैच समाप्त करता है, तो उसे एक-दो गेंदों की अतिरिक्त छूट मिल सकती है। अगर एमआई लंदन इस मैच से चार अंक हासिल नहीं कर पाता, तो सनराइज़र्स सीधे एलिमिनेटर में पहुंच जाएगा। तीन टीमों के पहले ही 20 या उससे अधिक अंक होने के कारण वेल्श फ़ायर प्रभावी रूप से प्रतियोगिता से बाहर हो चुका है। भले ही वह अपना आखिरी लीग मैच लंदन स्पिरिट के खिलाफ जीत जाए, उसका नेट रन रेट (-1.001) और सनराइज़र्स (0.602) के बीच का अंतर केवल एक मैच में पाटना लगभग नामुमकिन है।
