भारतीय अंडर-19 टीम ने नौंवीं बार जीता एशिया कप

अल अमीरात, 14 नवंबर (वार्ता) कप्तान लक्ष्य रायचंदानी (80), आर्यवीर सहवाग (58), मोहित उल्वा (नाबाद 49) और मनल चौहान (47) की शानदार पारियों की बदौलत भारत की अंडर-19 टीम ने पाकिस्तान को शनिवार को आखिरी गेंद पर एक विकेट से हराकर एशियन क्रिकेट काउंसिल अंडर-19 एशिया कप का खिताब नौंवीं बार अपने नाम किया।

मुकाबले में पिछड़ चुकी भारतीय टीम को मोहित उल्वा और मनल चौहान की जोड़ी ने दबाव में बेहतरीन प्रदर्शन कर वापसी कराई और पाकिस्तान को एक विकेट से शिकस्त दी। मनल चौहान के आउट होने के बाद एक बार भारतीय उम्मीद को झटका लगा था लेकिन आखिरी बल्लेबाज के रूप में मैदान पर उतरे चिगुरपति वेंकटा ने नाबाद 11 रनों की पारी खेल कर भारत को जीत दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। मोहित उल्वा ने 26 गेंदों में पांच चौके और तीन छक्के उड़ाते हुए नाबाद 49 रन की मैच विजयी पारी खेली।

338 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय अंडर-19 टीम के लिए कप्तान लक्ष्य रायचंदानी और आर्यवीर सहवाग की जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 95 रनों की साझेदारी कर अच्छी शुरुआत की। 18वें ओवर में निकाब शरीफ ने आर्यवीर सहवाग (58) को आउट कर पाकिस्तान को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये वीके विनीत ने लक्ष्य रायचंदानी के साथ दूसरे विकेट लिए 51 रन जोड़े। 27वें ओवर में रिजवानउल्लाह ने विनीत (24) को आउट कर पवेलियन भेज दिया। इसके बाद भारतीय बल्लेबाजी लड़खड़ाती नजर आयी। इसी दौरान 37वें ओवर में शतक की ओर बढ़ रहे रायचंदानी (80) को अली रजा ने आउट कर भारत की उम्मीदों को तगड़ा झटका दिया। अर्जुन राजपूत (16), यशबर्धन चौहान (नौ), अन्वय द्रविड (19), आर्यन सवसानी (नौ), काव्य परेश पटेल आठ रन बनाकर आउट हुये।

इसके बाद मनल चौहान और मोहित उल्वा के साथ नौवें विकेट लिए 57 रनों की साझेदारी कर भारत की मैच में वापसी करा दी। इसी दौरान 48वें ओवर की दूसरी गेंद पर निकाब शरीफ ने मनल चौहान को आउट कर दिया। मनल चौहान ने 32 गेंदों में तीन चौके और तीन छक्के लगाते हुए 47 रनों की पारी खेली। इसके बाद चिगुरपति वेंकटा ने उल्वा के साथ मिलकर भारत को जीत दिला दी। भारत ने निर्धारित 50 ओवरों में नौ विकेट पर 339 रन बनाये। पाकिस्तान की ओर से रिज़वानउल्लाह ने तीन विकेट लिये। निकाब शरीफ को दो विकेट मिले। अली रजा , मोहम्मद सय्याम और हसनैन अब्बास दार ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

आज यहां इससे पहले उस्मान ख्वाजा (107) और अब्दुल कादिर (80) और कप्तान फरहान यूसफ (63) रनों की शानदार पारियों के दम पर पाकिस्तान अंडर-19 टीम ने भारत को जीत के लिए 338 रनों का लक्ष्य दिया। पाकिस्तान की अंडर-19 टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। उस्मान खान और हयाम खान की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 62 रन जोड़े। नौवें ओवर में काव्य परेश पटेल ने हयाम खान (21) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये अब्दुल कादिर ने उस्मान ख्वाजा के साथ पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट के लिए 135 रनों की साझेदारी हुई। 27वें ओवर में अर्जुन राजपूत ने शतक की ओर बढ़ रहे अब्दुल कादिर को अपना शिकार बना लिया। अब्दुल कादिर ने 54 गेंदों में तीन चौके और आठ छक्के लगाते हुए 80 रन बनाये। 37वें ओवर में पटेल ने शतक बना चुके उस्मान ख्वाजा (107) को आउट कर पवेलियन भेज दिया। उस्मान ने अपनी पारी में 111 गेंदों का सामना किया और 11 चौके और तीन छक्के लगाये। 45वें ओवर में फरहान यूसफ (63) रन बनाकर पांचवें विकेट के रूप में आउट हुए। आखिरी ओवरों में गेदबाजों ने बेहतरीन गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान के बल्लेबाजों को लगातार आउट कर भारत की मैच में वापसी कराई। पाकिस्तान अंडर-19 टीम ने निर्धारित 50 ओवरों में नौ विकेट पर 337 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया।

भारतीय अंडर-19 टीम की ओर से काव्य परेश पटेल ने चार विकेट लिये। चिगुरपति वेंकटा को तीन विकेट मिले। अर्जुन राजपूत ने एक बल्लेबाज को आउट किया।

 

Next Post

मुर्मु ने छठ पूजा पर देशवासियों को दी शुभकामनाएं

Sat Nov 14 , 2026
नयी दिल्ली, 14 नवंबर (वार्ता) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने छठ पूजा के अवसर पर देश और विदेश में रह भारतीयों को शुभकामनाएं दी हैं। श्रीमती मुर्मु ने अपने संदेश में कहा कि आस्था और सूर्य उपासना का यह पर्व सूर्य देव और छठी मैया के प्रति गहरी श्रद्धा का प्रतीक […]

You May Like