अल अमीरात, 14 नवंबर (वार्ता) भारत की पाकिस्तान पर अंडर-19 एशिया कप के फ़ाइनल में शनिवार को एक विकेट की जीत में नाबाद 49 रन की मैच विजयी पारी खेलने वाले मोहित उल्वा प्लेयर ऑफ द मैच रहे जबकि पूरे टूर्नामेंट में बल्ले से जबरदस्त प्रदर्शन करने वाले ओपनर आर्यवीर सहवाग प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे।
भारत ने 50 ओवर में नौ विकेट पर 337 रन बनाने वाले पाकिस्तान के विशाल स्कोर को 50 ओवर में नौ विकेट पर 339 रन बनाकर पार कर लिया। दसवें नंबर के बल्लेबाज मोहित उल्वा ने आखिरी गेंद पर विजयी चौका मारने सहित 26 गेंदों में पांच चौकों और तीन छक्कों सहित नाबाद 49 रन की मैच विजयी पारी खेली।
सहवाग ने फ़ाइनल में 58 रन बनाने सहित टूर्नामेंट में कुल 361 रन बनाये जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार मिला। सहवाग ने ग्रुप चरण में नेपाल के खिलाफ नाबाद 70 , पाकिस्तान के खिलाफ 22, संयुक्त अरब अमीरात के खिलाफ 160, अफगानिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल में 51 और फ़ाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ 58 रन बनाये।
