दिवाली से पहले केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशन भोगियों को तोहफा, महंगाई भत्ता तीन प्रतिशत बढ़ा

नयी दिल्ली 28 अक्टूबर (वार्ता) सरकार ने दिवाली से ठीक पहले केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशन भोगियों को तोहफा देते हुए महंगाई भत्ता और महंगाई राहत में तीन प्रतिशत की बढ़ोतरी को मंजूरी दी है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में यह फैसला लिया गया। बढ़ी हुई दरें गत एक जुलाई से लागू होंगी।

सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंत्रिमंडल की बैठक के बाद संवाददाता सम्मेलन में बताया कि इस निर्णय के अंतर्गत केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते और पेंशनभोगियों की महंगाई राहत दर में तीन प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। अभी यह दर मूल वेतन और पेंशन की 60 प्रतिशत है। बढ़ोतरी के बाद यह 63 प्रतिशत हो जाएगी।

श्री वैष्णव ने कहा कि इस फैसले से करीब 48.54 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और 68.71 लाख पेंशन भोगियों को फायदा होगा। महंगाई भत्ते और महंगाई राहत में बढ़ोतरी से सरकारी खजाने पर हर साल 10,016.10 करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च आएगा।

सरकार ने बताया कि यह बढ़ोतरी सातवें केंद्रीय वेतन आयोग की सिफारिशों के आधार पर तय फॉर्मूले के अनुसार की गई है। इसका उद्देश्य बढ़ती कीमतों के असर की भरपाई करना है।

 

Next Post

दिल्ली में BJP ने निकाला ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ मार्च

Wed Oct 28 , 2026
नई दिल्ली। दिल्ली में BJP ने 28 अक्टूबर को ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ मार्च निकाला। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के नेतृत्व में मार्च लाल किला-चांदनी चौक स्थित श्री जैन लाल मंदिर से शुरू हुआ और टाउन हॉल चौक, चांदनी चौक पर समाप्त हुआ। मार्च में दिल्ली की मुख्यमंत्री […]

You May Like