सीआरपीएफ नीमच के महाराणा प्रताप भवन में गूंजी राजभाषा की गूंज

नीमच,  ग्रुप केंद्र, सीआरपीएफ नीमच के महाराणा प्रताप भवन में आज ‘हिंदी पखवाड़ा’ का भव्य समापन और पुरस्कार वितरण समारोह अत्यंत हर्षोल्लास के साथ हुआ। इस गरिमामयी समारोह के मुख्य अतिथि सीटीसी नीमच के ब्रिगेडियर अनुपम शर्मा, उप महानिरीक्षक रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत ग्रुप केंद्र के निरीक्षक (राजभाषा) के. सुंदरेसन द्वारा प्रस्तुत स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने मंच का कुशल संचालन करते हुए पखवाड़े के दौरान आयोजित की गई सभी साहित्यिक और व्यावहारिक गतिविधियों की संक्षिप्त रिपोर्ट प्रस्तुत की और सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

हिंदी पखवाड़े के दौरान आयोजित की गई विभिन्न प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने वाले सीटीसी, आरटीसी, ग्रुप केंद्र, रेंज, संयुक्त अस्पताल, 1 बटालियन एवं 4 सिग्नल बटालियन के अधिकारियों एवं जवानों को सम्मानित किया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले अधिकारियों एवं कार्मिकों को मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर अनुपम शर्मा, उप महानिरीक्षक सीटीसी नीमच, डॉ अब्दुल नजर, उप महानिरीक्षक (चिकित्सा) संयुक्त अस्पताल नीमच, श्री छोट्टन ठाकुर कमांडेंट,आरटीसी नीमच, श्री प्रमोद कुमार साहू कमांडेंट, ग्रुप केंद्र नीमच, श्री विजय कुमार कमांडेंट, 1 बटा एवं श्री संतोष कुमार कमांडेंट सीटीसी नीमच के कर-कमलों द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

अपने प्रेरक संबोधन में मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर अनुपम शर्मा, उप महानिरीक्षक ने उपस्थित अधिकारियों और जवानों को हिंदी दिवस की शुभकामनाएं दीं। अपने विस्तृत संबोधन में उन्होंने कहा- हिंदी केवल हमारी राजभाषा नहीं है, बल्कि यह पूरे भारत को एक सूत्र में पिरोने वाली हमारी सांस्कृतिक पहचान है। सीआरपीएफ के जवान देश के कोने-कोने में सेवा देते हैं और उनके लिए हिंदी जनसंपर्क और आंतरिक संवाद का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि सरकारी कामकाज में जटिल या कठिन शब्दों के स्थान पर सरल, सुबोध और व्यावहारिक हिंदी का प्रयोग किया जाना चाहिए, ताकि फाइलों का निपटान अधिक गति और पारदर्शिता के साथ हो सके। उन्होंने सभी कार्यालय प्रमुखों और कार्मिकों से आग्रह किया कि वे राजभाषा नियमों का अक्षरशः पालन करें और अपने दैनिक प्रशासनिक कार्यों, टिप्पणियों और पत्राचार में स्वेच्छा से हिंदी को प्राथमिकता दें। उन्होंने जोर देकर कहा कि हिंदी को अपनाना हमारा संवैधानिक दायित्व भी है और राष्ट्र के प्रति हमारा गौरव भी। श्री खेमराज अरसे, सहायक कमांडेंट(मंत्रा) ग्रुप केंद्र नीमच ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

इस पखवाड़े को सफल बनाने में सीआरपीएफ नीमच परिसर में स्थित सभी कार्यालयों के कार्मिकों ने पूरी निष्ठा के साथ अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई। समापन समारोह के दौरान महाराणा प्रताप भवन में बल के वरिष्ठ अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी और सैकड़ों की संख्या में जवान उपस्थित रहे।

Next Post

कांग्रेस के आरोप निराधार, संस्थाओं पर अविश्वास फैलाने की कोशिश-सरदार सिंह मेड़ा 

Tue Sep 29 , 2026
धार । नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा चुनाव आयोग, एसआईआर और मतदाता सूची को लेकर को लेकर दिए गए बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष सरदार सिंह मेड़ा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस झूठे एवं भ्रामक तथ्यों के आधार पर देश की संवैधानिक संस्थाओं के प्रति […]

You May Like