नयी दिल्ली, 18 मार्च (वार्ता) कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने असम विधानसभा चुनाव से पहले नागांव लोकसभा सीट से कांग्रेस सांसद प्रद्युत बोरदोलोई के इस्तीफा देकर भाजपा का दामन थामने पर दुख जताया है। असम कांग्रेस के वरिष्ठ पर्यवेक्षक श्री शिवकुमार ने बुधवार को श्री बोरदोलोई के पार्टी छोड़ने पर दुख जताया । उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा ” मुझे बहुत दुख है कि कांग्रेस परिवार के एक महत्वपूर्ण सदस्य ने इस्तीफा दे दिया है। यह घटनाक्रम बहुत आश्चर्य जनक है और यह हम सभी के लिए एक बड़ा आश्चर्य है। हमने कभी इसकी उम्मीद नहीं की थी। वे एक बड़े रोल मॉडल थे। दुर्भाग्य से उन्होंने पार्टी छोड़ दी है।”
श्री शिवकुमार ने असम कांग्रेस की होने वाली बैठक की जानकारी देते हुए कहा” आज हमारी असम मुद्दे पर बैठक है। उनका पार्टी छोड़कर जाना हमारे लिए एक बड़ा नुकसान है। असम में कांग्रेस निश्चित रूप से और मजबूत होगी। असम की जनता को बदलाव की जरूरत है।” गौरतलब है कि असम विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के एक के बाद एक कईं बड़े नेता पार्टी छोड़ कर चले गए हैं। पार्टी ने विधानसभा चुनाव के लिए अब तक 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए 65 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। श्री बोरदोलोई ने कल पार्टी से इस्तीफा दे दिया था और आज वह औपचारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गये हैं।

