भाजपा का अमेरिकी रिपोर्ट को लेकर राहुल गांधी पर हमला, देश की संप्रभुता से जुड़ा मुद्दा बताया

नयी दिल्ली, 18 मार्च (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अमेरिकी संस्था यूनाइटेड स्टेट्स कमीशन ऑन इंटरनेशनल रीलिजियस फ्रीडम (यूएससीआईआरएफ) को लेकर कांग्रेस पार्टी और वरिष्ठ नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुये इसे भारत की संप्रभुता और देश के हर नागरिक की अस्मिता से जुड़ा मुद्दा बताया है। पार्टी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने बुधवार को यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि यूएससीआईआरएफ की रिपोर्ट को लेकर श्री गांधी जिस तरह प्रतिक्रिया दे रहे हैं, वह दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि श्री गांधी रिपोर्ट को पूरी तरह पढ़े बिना ही भारत विरोधी ताकतों का साथ दे रहे हैं।

श्री भाटिया ने कहा कि कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर इस रिपोर्ट का हवाला देते हुए केंद्र सरकार पर सवाल उठाए हैं, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि श्री गांधी किस आधार पर इस रिपोर्ट का समर्थन कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या उन्होंने इस रिपोर्ट को ध्यान से पढ़ा भी है।
श्री भाटिया ने कहा कि इस अमेरिकी रिपोर्ट में भारत की खुफिया एजेंसी रिसर्च एंड एनलिसिस विंग (रॉ) पर प्रतिबंध लगाने की सिफारिश की गई है, जो पूरी तरह से अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा कि रॉ ने देश की सुरक्षा के लिए अहम भूमिका निभाई है और उसके कई अधिकारियों ने देश के लिए अपने प्राण न्यौछावर किए हैं।
श्री भाटिया ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान हमेशा भारत और रॉ का विरोध करता है, लेकिन अब श्री गांधी भी उसी तरह के बयान दे रहे हैं, जो चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि भारत के नेता प्रतिपक्ष का इस तरह विदेशी रिपोर्ट का समर्थन करना देश के हित के खिलाफ है।
श्री भाटिया ने कहा कि इस अमेरिकी संस्था का उपाध्यक्ष (वाइस चेयर) पाकिस्तानी मूल का आसिफ महमूद है जिससे इस संस्था और इसकी रिपोर्ट की प्रामणिकता पर सवाल उठना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि भारत को किसी भी विदेशी संस्था से प्रमाण पत्र लेने की आवश्यकता नहीं है और देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत है।

Next Post

शेयर बाजारों में तेजी जारी, सेंसेक्स 633 अंक उछला

Wed Mar 18 , 2026
मुंबई, 18 मार्च (वार्ता) आईटी और ऑटो सेक्टरों में जबरदस्त तेजी के दम पर घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को लगातार तीसरे दिन तेजी रही और बीएसई का सेंसेक्स 633.29 अंक (0.83 प्रतिशत) की बढ़त के साथ 76,704.13 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 196.65 […]

You May Like