
मुंबई, 18 मार्च (वार्ता) आईटी और ऑटो सेक्टरों में जबरदस्त तेजी के दम पर घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को लगातार तीसरे दिन तेजी रही और बीएसई का सेंसेक्स 633.29 अंक (0.83 प्रतिशत) की बढ़त के साथ 76,704.13 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 196.65 अंक यानी 0.83 प्रतिशत चढ़कर 23,777.80 अंक पर बंद हुआ। यह दोनों प्रमुख सूचकांकों का एक सप्ताह का उच्चतम स्तर है।मझौली और छोटी कंपनियों में लिवाली का जोर अधिक रहा। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 2.09 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 1.67 प्रतिशत उछल गया।
आईटी, ऑटो, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, रियलटी और मीडिया समूहों के सूचकांकों में ज्यादा तेजी देखी गयी। बैंकिंग, तेल एवं गैस, स्वास्थ्य और फार्मा समूहों के सूचकांक भी बढ़त में रहे। सिर्फ एफएमसीजी और धातु समूहों में हल्की गिरावट रही। सेंसेक्स की कंपनियों में इटरनल और टेक महिंद्रा के शेयर सवा तीन प्रतिशत ऊपर बंद हुए। इंफोसिस, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, अडानी पोर्ट्स और टीसीएस के शेयरों में दो से तीन प्रतिशत तक तेजी रही। एक्सिस बैंक, एलएंडटी, भारती एयरटेल, इंडिगो, टाइटन, बजाज फाइनेंस, अल्ट्राटेक सीमेंट, एशियन पेंट्स और बजाज फिनसर्व के शेयरों में एक से दो प्रतिशत की मजबूती दर्ज की गयी। रिलायंस इंडस्ट्रीज, बीईएल, भारतीय स्टेट बैंक और मारुति सुजुकी के शेयर भी हरे निशान में रहे। एनटीपीसी और हिंदुस्तान यूनीलिवर के शेयर एक फीसदी से ज्यादा टूट गये। सनफार्मा, एचडीएफसी बैंक और आईटीसी के शेयरों में भी गिरावट रही।
