मुंबई, 19 नवंबर (वार्ता) बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान की आगामी फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ का सफर कई चुनौतियों और अनिश्चितताओं से भरा रहा है। करीब डेढ़ साल तक मुश्किलों का सामना करने के बाद फिल्म अब दर्शकों के सामने आने के लिए तैयार है। फिल्म के निर्देशक अपूर्व लाखिया ने इस कठिन दौर में सलमान खान के सहयोग और निरंतर समर्थन को पूरी टीम की सबसे बड़ी ताकत बताया है। अपूर्व लाखिया ने फिल्म के सफर को याद करते हुए कहा कि ‘मातृभूमि’ को सिनेमाघरों तक पहुंचाने के लिए टीम को डेढ़ साल से अधिक समय तक लगातार प्रयास करना पड़ा। इस दौरान फिल्म के अटकने और सीधे ओटीटी पर रिलीज होने जैसी कई अफवाहें भी सामने आईं। कई बार परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण हुईं, लेकिन टीम ने हार नहीं मानी।
उन्होंने कहा कि पूरी टीम का मानना था कि यह फिल्म बड़े पर्दे पर सलमान खान के साथ दर्शकों के सामने आने की हकदार है। इसलिए सभी ने लगातार मेहनत की और सलमान के प्रशंसकों के लिए एक बेहतरीन सिनेमाई अनुभव तैयार करने का प्रयास किया।
अपूर्व ने कहा कि इस पूरे उतार-चढ़ाव भरे सफर में सलमान खान उनकी सबसे बड़ी प्रेरणा रहे। उनका साथ और टीम के बीच उनकी मौजूदगी मुश्किल परिस्थितियों में भी हौसला बनाए रखने में मददगार साबित हुई। इस संघर्ष ने पूरी टीम को एकजुट किया और सभी के बीच आपसी विश्वास को मजबूत बनाया। फिल्म से जुड़े सलमान खान के योगदान की सराहना करते हुए अपूर्व ने कहा कि उनका सहयोग केवल मुख्य अभिनेता तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्होंने हर मुश्किल समय में टीम का मनोबल बढ़ाया। उनके निरंतर समर्थन से फिल्म को सिनेमाघरों तक पहुंचाने का संकल्प मजबूत बना रहा।
अपूर्व लाखिया के निर्देशन में बनी ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ का निर्माण सलमान खान फिल्म्स के बैनर तले किया गया है। जियो स्टूडियोज फिल्म का देशभर में वितरण कर रहा है, जबकि जी स्टूडियोज इसके अंतरराष्ट्रीय वितरण की जिम्मेदारी संभाल रहा है। फिल्म में सलमान खान और चित्रांगदा सिंह प्रमुख भूमिकाओं में हैं।

