मुंबई, 19 नवंबर (वार्ता) जितेंद्र कुमार और प्रिया बापट अभिनीत आगामी हिंदी फिल्म ‘डालिम्ब’ में सदाबहार भजन ‘संकट मोचन’ की विशेष प्रस्तुति सुनाई देगी। जी5 की इस ओरिजिनल फिल्म में भक्ति संगीत और मनोवैज्ञानिक रोमांच का अनूठा मेल देखने को मिलेगा।
एलिप्सिस एंटरटेनमेंट निर्मित और प्रिया अवेन निर्देशित इस फिल्म के एक महत्वपूर्ण दृश्य में भजन को शामिल किया गया है। भगवान हनुमान में आस्था रखने वाले मुख्य किरदारों के लिए यह प्रस्तुति कठिन परिस्थितियों में आध्यात्मिक विश्वास और आश्वासन का माध्यम बनती है। साथ ही यह कहानी के मनोवैज्ञानिक तनाव और रहस्य को भी गहराई प्रदान करती है।
इस भजन को जॉर्ज जोसेफ और रुतु रंजन महंती ने संगीतबद्ध और तैयार किया है। इसमें रुतु रंजन महंती, अर्चना मोहन अय्यर और शतद्रु कबीर ने अपनी आवाज दी है। रोहित ने रिकॉर्डिंग इंजीनियर की जिम्मेदारी निभाई है, जबकि केवल वालंज ने मिक्सिंग और मास्टरिंग की है।

