मुंबई, 19 नवंबर (वार्ता) अंतरराष्ट्रीय पुरुष दिवस के अवसर पर सोनी सब के कलाकार अधिक मेहता, मनीष वाधवा और मुकुल हरीश ने पुरुषत्व और ताकत को लेकर पारंपरिक सोच से अलग अपनी राय साझा की। कलाकारों ने कहा कि असली ताकत केवल शारीरिक मजबूती, सख्त रवैये या परिस्थितियों पर नियंत्रण रखने में नहीं, बल्कि संवेदनशीलता, धैर्य, भावनाओं की अभिव्यक्ति और अपनों के साथ मजबूती से खड़े रहने में है। सोनी सब के शो ‘लो चुड़ैल चली ससुराल’ में आरव की भूमिका निभाने वाले अधिक मेहता ने कहा कि उनके लिए असली ताकत इस बात में है कि व्यक्ति मुश्किल परिस्थितियों में अपने प्रियजनों के साथ कैसा व्यवहार करता है।
उनके किरदार आरव की जिंदगी में उस समय बड़ा बदलाव आता है, जब उसे पता चलता है कि उसकी पत्नी उर्वशी के पास जादुई शक्तियां हैं। इसके बावजूद वह प्यार और समझदारी के साथ उसका साथ देता है। अधिक ने कहा कि दयालुता, धैर्य और संवेदनशीलता के साथ आगे बढ़ने वाले पुरुषों का सम्मान किया जाना चाहिए। भावनात्मक रूप से अपनों के साथ मौजूद रहना और उनकी बात सुनना भी ताकत का महत्वपूर्ण रूप है।
‘हस्तिनापुर के वीर’ में भीष्म पितामह की भूमिका निभा रहे मनीष वाधवा ने कहा कि पिता बनने के बाद उन्होंने समझा है कि असली ताकत हर बात में अंतिम निर्णय लेने या सख्त बने रहने में नहीं, बल्कि दूसरों के विचारों को समझने और उन्हें अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता देने में है। बच्चों को कई बार सलाह से ज्यादा उनकी बात सुनने और उनके नजरिये को समझने की जरूरत होती है। उन्होंने कहा कि युवा कलाकारों के साथ काम करते हुए भी वह महसूस करते हैं कि बड़ों की जिम्मेदारी केवल मार्गदर्शन देना नहीं, बल्कि नई पीढ़ी के आत्मविश्वास और व्यक्तिगत पहचान को प्रोत्साहित करना भी है।
वहीं, ‘पुष्पा इम्पॉसिबल’ में टाइगर की भूमिका निभा रहे मुकुल हरीश ने कहा कि उनका किरदार हमेशा खुद को मजबूत दिखाने और अपनी भावनाओं को छिपाने की कोशिश करता रहा है, लेकिन अब वह धीरे-धीरे अपनी भावनाएं व्यक्त करना सीख रहा है। उन्होंने कहा कि खुशी, दुख और स्नेह जैसी भावनाओं को खुलकर जाहिर करना कमजोरी नहीं, बल्कि ताकत की निशानी है। पुरुषों को अपनी भावनाओं को स्वीकार करना और खुलकर संवाद करना चाहिए। सोनी सब के कलाकारों ने इस अंतरराष्ट्रीय पुरुष दिवस पर संदेश दिया कि पुरुषत्व का वास्तविक अर्थ भावनाओं को दबाना नहीं, बल्कि संवेदनशीलता, जिम्मेदारी और आपसी सम्मान के साथ जीवन जीना है। शो ‘लो चुड़ैल चली ससुराल’, ‘हस्तिनापुर के वीर’ और ‘पुष्पा इम्पॉसिबल’ का प्रसारण सोनी सब पर हो रहा है।

