छतरपुर:प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे बड़ी कार्रवाई की। सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत हाउसिंग बोर्ड इलाके के गोपाल टोरिया में सरकारी जमीन पर कब्जा कर बनाए गए अवैध मकानों को बुलडोजर से ध्वस्त किया गया।प्रशासन ने कार्रवाई के लिए तीन बुलडोजर मशीनें लगाईं, जबकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
एसडीएम ने बताया कि अप्रैल माह में ही सभी अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किए जा चुके थे। इसके बाद मौखिक रूप से भी कई बार अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए, लेकिन करीब 8 से 9 महीने बीत जाने के बावजूद कब्जे नहीं हटाए गए।एसडीएम के अनुसार, इस कार्रवाई में लगभग 20 अवैध मकानों को हटाया गया है। यह अतिक्रमण प्राचीन मंदिर के रास्ते पर किया गया था.
जिससे आम लोगों को मंदिर आने-जाने में परेशानी हो रही थी। अब अतिक्रमण हटने के बाद सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मचा रहा, वहीं अधिकारियों ने साफ किया कि आगे भी अवैध अतिक्रमण के खिलाफ इसी तरह सख्त कदम उठाए जाएंगे।
