
इंदौर, दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलन की गूंज अब इंदौर तक पहुंच गई है। NEET पेपर लीक और विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली के विरोध में सोमवार को इंदौर के भंवरकुआं स्थित टंट्या भील चौराहे पर छात्रों ने विशाल धरना-प्रदर्शन किया और पैदल मार्च निकाला।
हाथों में तख्तियां और बैनर लिए बड़ी संख्या में छात्र-युवा चौराहे पर एकत्र हुए। प्रदर्शनकारियों ने NEET पेपर लीक सहित विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की मांग की।
छात्रों ने कहा कि युवाओं के भविष्य से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता लाने की मांग की।
