
ब्यावरा/राजगढ़। ब्यावरा स्थित वेयर हाऊस के चौकीदार को बंधक बनाकर लूट की घटना को अंजाम देने वाले गिरोह के 3 सदस्यों को पुलिस ने धर दबोचा है. हाईवे सहित अन्य स्थानों पर पुलिस द्वारा लगभग 500 सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखने, सघन जांच पड़ताल के बाद आखिरकार लूट के आरोपी पुलिस गिरफ्त में आ गये.
पुलिस के अनुसार 2 फरवरी को फरियादी जसरथ पिता अमरचंद द्वारा सिटी थाने में दर्ज कराई शिकायत में कहा था कि वह रात्रि लगभग 1 बजे वेयर हाउस में चौकीदारी कर रहा था. उसी दौरान चार अज्ञात आरोपियों द्वारा कट्टा जैसी वस्तु अड़ाकर बंधक बना लिया गया. एक अन्य चौकीदार हरिसिंह के कमरे में जाकर उसका मोबाइल छीन लिया और दोनों को कमरे में बंद कर दिया. आरोपियों ने चाकू दिखाकर वेयर हाउस के गेट की चाबी छीनी तथा वेयर हाउस में रखी सरकारी गेहूं की 30 बोरियां लूटकर फरार हो गए. धारा 309(6) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया.
हाईवे एवं पेट्रोल पम्पों पर लगे कैमरे खंगाले
इस प्रकरण की मॉनिटरिंग स्वयं पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी द्वारा की गई. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के.एल. बंजारे एवं एसडीओपी प्रकाश शर्मा के मार्गदर्शन में पुलिस को सफलता मिली. पुलिस के अनुसार वेयर हाउस के आसपास एवं पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों का सूक्ष्म विश्लेषण किया गया. पुलिस टीम द्वारा आगरा-मुंबई हाईवे पर लगे लगभग 500 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का सूक्ष्म परीक्षण किया गया. तकनीकी विश्लेषण एवं फुटेज मिलान के पश्चात घटना में प्रयुक्त वाहन की पहचान हो सकी. जिसके आधार पर वाहन चालक की पहचान कर आगे की कार्रवाई की गई. गिरफ्तार आरोपी में फारुख खान पिता अहमद खान निवासी रसूलपुर थाना औद्योगिक क्षेत्र, जिला देवास तथा कान्हा पिता लगजीराम मोंगिया निवासी लेकोडा, थाना नीलगंगा, जिला उज्जैन, अंबाराम पिता नागूलाल मालवीय निवासी जूनापानीखेड़ा, थाना तराना, जिला उज्जैन शामिल है. इनके पास से 58 क्विंटल गेहूं, आयसर वाहन एवं कटर व अन्य उपकरण जप्त किए गये. दो आरोपी फरार है, जिनकी तलाश जारी है.
उक्त कार्यवाई में थाना प्रभारी ब्यावरा वीरेन्द्र धाकड़, उप निरीक्षक अजय यादव, प्रवीण जाट, अनिल राहोरिया, विवेक शर्मा, प्रधान आरक्षक दीपक यादव, केशव राजपूत, शैलेन्द्र सिंह, संजय बाथम, वीरेन्द्र रावत, आरक्षक राहुल मीणा, राजकुमार रघुवंशी, दिनेश किरार, परमेश्वर दास, प्रवीण यादव, बलवीर मीणा,धीरेन्द्र ,पीयुष गुप्ता ,पुष्पेन्द्र एवं अन्य स्टाफ तथा उप निरीक्षक जितेंद्र अजनारे, आरक्षक हितेश, अशोक राहोरिया का महत्वपूर्ण योगदान रहा.
आमजन से अपील
राजगढ़ पुलिस द्वारा आम नागरिकों, व्यापारियों एवं वेयर हाउस संचालकों से अपील कि है कि अपने प्रतिष्ठानों में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगवाएं, फुटेज का नियमित बैकअप रखें एवं किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को दे.
