यूपी टी-20 लीग की छहों फ्रेंचाइजियों ने किया कोचिंग स्टाफ का एलान, 24 जुलाई को खिलाड़ियों की नीलामी

लखनऊ, 22 जुलाई (वार्ता) उत्तर प्रदेश टी-20 लीग के चौथे संस्करण के लिये 24 जुलाई को आगरा में प्रस्तावित खिलाड़ियों की नीलामी से पहले सभी छह फ्रेंचाइजियों ने अपने-अपने कोचिंग एवं सपोर्ट स्टाफ की घोषणा कर दी है। अनुभवी कोचों, पूर्व प्रथम श्रेणी और रणजी खिलाड़ियों के साथ-साथ विशेषज्ञ सहयोगी स्टाफ को टीमों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

यूपी टी-20 लीग की गवर्निंग काउंसिल के अध्यक्ष डॉ. संजय कपूर ने बताया कि सभी फ्रेंचाइजियों ने मुख्य कोच, बल्लेबाजी और गेंदबाजी कोच, फील्डिंग कोच, फिजियोथेरेपिस्ट, स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग (एसएंडसी) कोच, वीडियो विश्लेषक, टीम मैनेजर तथा अन्य सहयोगी पदों पर नियुक्तियां पूरी कर ली हैं।

उन्होंने बताया कि लीग का चौथा सत्र 14 अगस्त से शुरू होगा। पहली बार प्रतियोगिता का आयोजन लखनऊ और कानपुर में किया जाएगा। उनका कहना था कि अनुभवी सपोर्ट स्टाफ के मार्गदर्शन से प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर मिलेगा और प्रतियोगिता का स्तर भी और ऊंचा होगा।

लखनऊ फाल्कंस ने आशीष जैदी को गेंदबाजी कोच, उमंग शर्मा को बल्लेबाजी कोच एवं टीम मैनेजर, सौरभ दुबे को फील्डिंग कोच, डॉ. विजय मलिक को फिजियोथेरेपिस्ट, सूर्य प्रताप यादव को एसएंडसी कोच, प्रदीप कुमार को मसाजर तथा विश्वजीत सिंह को साइडआर्म विशेषज्ञ नियुक्त किया है।

पिछले संस्करण की विजेता काशी रुद्रास ने ध्रुव सिंह को मुख्य कोच बनाया है। उबैद कमाल बल्लेबाजी एवं गेंदबाजी कोच, जावेद अनवर फील्डिंग कोच, हिमाचल मिश्रा टीम मैनेजर, रसेल पिंटो फिजियो, एस. सतीश कुमार एसएंडसी कोच, वीबीबी सुब्बाराव वीडियो विश्लेषक, सादिक शेख मसाजर तथा दीपेश शर्मा और आकाश शर्मा साइडआर्म विशेषज्ञ होंगे।

गोरखपुर लायंस ने पूर्व प्रथम श्रेणी क्रिकेटर अंकित सिंह राजपूत को मुख्य कोच एवं गेंदबाजी कोच नियुक्त किया है। उनके साथ मुमताज कादिर बल्लेबाजी कोच, मनु कुमार फील्डिंग कोच, विनीत कुमार टीम मैनेजर, डॉ. श्रीरंगा करणम फिजियो, इसरार अजीम खान एसएंडसी कोच, पीयूष कुमार रघुवंशी वीडियो विश्लेषक, दीपक शर्मा मसाजर तथा परविंदर कुमार साइडआर्म विशेषज्ञ की भूमिका निभाएंगे।

कानपुर सुपरस्टार्स ने पूर्व भारतीय क्रिकेटर ज्ञानेंद्र पांडेय को टीम मेंटर एवं निदेशक बनाया है। टीम ने अभी मुख्य कोच तथा बल्लेबाजी और गेंदबाजी कोच की घोषणा नहीं की है। अभिनव दीक्षित फील्डिंग कोच, देवांश तिवारी टीम मैनेजर, कपिल शर्मा फिजियो, ललितेंद्र सिंह एसएंडसी कोच, तारिख खान वीडियो विश्लेषक, रवि कांत मसाजर तथा तुर्वश यादव साइडआर्म विशेषज्ञ नियुक्त किए गए हैं।

पिछले संस्करण की उपविजेता मेरठ मावेरिक्स ने अरविंद कपूर को मेंटर और उत्कर्ष चंद्र को मुख्य कोच बनाया है। मार्क बॉट बल्लेबाजी कोच, नवीन चौधरी गेंदबाजी एवं फील्डिंग कोच, जीशान रईस फिजियो, सुधीर सिंह वीडियो विश्लेषक, कैसर अली मसाजर तथा विशाल ट्रेनर के रूप में कार्य करेंगे। टीम मैनेजर की नियुक्ति अभी शेष है।

नोएडा किंग्स ने मोहम्मद आमिर को बल्लेबाजी कोच, कपिल पांडेय को गेंदबाजी कोच, विनय कुमार को टीम मैनेजर, अंकित जांग्हू को वीडियो विश्लेषक तथा बलराम पासवान को साइडआर्म विशेषज्ञ नियुक्त किया है।

गवर्निंग काउंसिल ने स्पष्ट किया कि लखनऊ फाल्कंस के गेंदबाजी कोच आशीष जैदी तथा मेरठ मावेरिक्स के मुख्य कोच उत्कर्ष चंद्र की नियुक्तियां लीग के नियमों और पात्रता संबंधी औपचारिकताओं के अनुपालन के अधीन रहेंगी। खिलाड़ियों की नीलामी के बाद सभी टीमें चौथे सत्र की तैयारियों को अंतिम रूप देंगी।

 

 

You May Like