सियोल, 02 नवंबर (वार्ता) कई दिग्गज खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी में अनुभवी एचएस प्रणय और उभरती हुई खिलाड़ी तन्वी शर्मा मंगलवार से शुरू होने वाले कोरिया ओपन 2026 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारतीय चुनौती की अगुवाई करेंगे।
यह बीडब्ल्यूएफ सुपर 500 टूर्नामेंट दक्षिण कोरिया के जिन्नम स्टेडियम में खेला जाएगा।
विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता और पूर्व विश्व नंबर 6 खिलाड़ी एचएस प्रणय, भारत के पुरुष एकल अभियान का नेतृत्व करेंगे। इससे पहले, पिछले हफ्ते ‘हाइलो ओपन’ जीतने वाले लक्ष्य सेन ने इस टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया है।
हालांकि, विश्व नंबर 38 प्रणय इस सीजन में अपनी फॉर्म को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। इस साल खेले गए 14 बीडब्ल्यूएफ टूर्नामेंटों में से वे केवल एक बार ही दूसरे दौर से आगे बढ़ पाए हैं। उनका अब तक का सबसे अच्छा प्रदर्शन सितंबर में वियतनाम ओपन (बीडब्ल्यूएफ सुपर 100 टूर्नामेंट) में रहा, जहां वे सेमीफाइनल तक पहुंचे थे।
पुरुष एकल वर्ग में प्रणय भारत के एकमात्र खिलाड़ी हैं। टूर्नामेंट के पहले दौर में उनका मुकाबला दक्षिण कोरिया के एशियाई खेलों के कांस्य पदक विजेता यू ताए-बिन से होगा।
महिला एकल वर्ग में, तन्वी शर्मा और अनमोल खरब मुख्य ड्रॉ में भारत की ओर से शामिल हैं। तन्वी शर्मा इस सीजन में अपना दूसरा खिताब जीतने पर नज़र रखेंगी; इससे पहले इस साल उन्होंने ताइपे ओपन में अपना पहला बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर खिताब जीता था।
इस साल कोरिया मास्टर्स जीतने वाली मालविका बंसोद और अश्मिता चालिहा भी महिला एकल ड्रॉ का हिस्सा थीं, लेकिन बाद में उन्होंने अपना नाम वापस ले लिया।
अर्जुन रेड्डी पोचाना और अच्युतादित्य राव डोड्डावरपु की जोड़ी टूर्नामेंट में भारत की एकमात्र पुरुष जोड़ी है, जो क्वालिफिकेशन राउंड से अपने अभियान की शुरुआत करेगी।
महिला युगल में रितिका ठाकर और सोनाली सिंह, तथा मिश्रित युगल में ध्रुव रावत और मनीषा के. भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु (2017) और देश की शीर्ष पुरुष युगल जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी-चिराग शेट्टी (2023) उन भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ियों में शामिल हैं। जिन्होंने पहले कोरिया ओपन जीता है
