आधा दर्जन वाहनों में तोडफ़ोड़, पथराव कर चार गाडिय़ों में लगाई आग
छुई खदान पन्नी मोहल्ला में स्पीड ब्रेकर बनाने पर उपजा विवाद
जबलपुर: अधारताल थाना अंतर्गत छुई खदान पन्नी मोहल्ला में स्पीड ब्रेकर बनाने की बात पर उपजे विवाद पर बदमाशों ने जमकर उपद्रव मचाया। बदमाशों ने एक परिवार के साथ विवाद करते हुए लाठी, डंडों से हमला कर चार सदस्यों को गंभीर चोटें पहुंचा दी। इसके बाद जमकर आतंक मचाते हुए मोहल्ले में खड़ी आधा दर्जन गाडिय़ों में लाठी से हमला करने के साथ पथराव कर तोडफ़ोड़ कर दी इसके बाद चार वाहनों में आग लगा दी। बदमाशों के उत्पात से क्षेत्र में अफरा-तफरी एवं भगदड़ की स्थिति निर्मित हो गई और आरोपित फरार हो गए।
पुलिस के मुताबिक सौरभ राजभर 34 वर्ष निवासी छुई खदान पन्नी मोहल्ला अधारताल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह ऑटो चलाता है। रात 10-30 बजे उसके घर के सामने बनी सीसी रोड पर उसका भाई रीतेश राजभर उर्फ रितिक स्पीड ब्रेकर बना रहे थे तभी मोहल्ले का अप्पू , अप्पू के पिता और आयुष बैरागी से उसके भाई रीतेश उर्फ रितिक का विवाद हुआ था। रात 11 बजे आयुष बैरागी अपने साथियों दीपक पटैल, कुलदीप, संदीप उर्फ आऊआ के साथ आया और कहने लगा कि बहुत होशियार बनते हो। इसके बाद सभी ने डंडे से हमला कर उसे एवं उसके पिता पूरन लाल, मौसी के लडक़े रामकिशोर राजभर पर हमला कर चोटें पहुंचा दी। भाभी रेखा राजभर बीच बचाव करने आयीं तो उन्हें संदीप उर्फ आऊआ ने डंडे से मारकर सिर में चोट पहुंचा दी। पुलिस ने रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।
इन वाहनों में की तोडफ़ोड़
परिवार के सदस्यों पर हमला करने के बाद बदमाशों ने घर के सामने खड़े वाहन आटो एमपी 20 आर ए 0281, एमपी 20 आर 3511, एमपी 20 जेड के 3381 , एमपी 20 आर 4545 , एमपी 20 जेड जी 3574, मोटर सायकल क्रमांक एमपी 20 एन क्यू 3259 में पत्थर डंडे से तोडफ़ोड कर क्षतिग्रस्त कर दिये।
इन गाडिय़ों को फूंका
गाडियों में तोडफ़ोड़ के बाद सभी ने वहीं पर खड़ी लोडिंग आटो क्रमांक एमपी 20 एलबी 0905 एवं मोपेड क्रमांक एमपी 20 जेड सी 6647, एमपी 20 जेड जे 4833 एवं मोटर सायकल क्रमांक एमपी 20 एम ई 6765 में चारों ने मिलकर आग लगा दी जिससे गाडिय़ां जल गयीं उसके बाद चारों यह कहते हुये भाग गए कि यहां दोबारा स्पीड ब्रेकर बनाने की कोशिश की तो जान से खत्म कर देगें।
