
मुंबई, 25 अगस्त (वार्ता) तेलुगु फिल्म ‘अर्जुन रेड्डी’ की रिलीज को नौ साल पूरे हो गए हैं। संदीप रेड्डी वांगा के निर्देशन में बनी यह फिल्म आज भी भारतीय सिनेमा की चर्चित कल्ट फिल्मों में शुमार की जाती है। फिल्म के नौ साल पूरे होने के साथ ही अभिनेत्री शालिनी पांडे के फिल्मी सफर के भी नौ साल पूरे हो गए हैं। शालिनी ने इसी फिल्म में प्रीति का किरदार निभाकर अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। इस खास मौके पर शालिनी पांडे ने सोशल मीडिया पर ‘अर्जुन रेड्डी’ से जुड़ी एक तस्वीर साझा कर फिल्म और अपने डेब्यू को याद किया। उन्होंने लिखा, “यहीं से शुरुआत हुई थी। सब कुछ यहीं से शुरू हुआ था।” उन्होंने फिल्म और अपने किरदार को दर्शकों से मिले प्यार के लिए आभार जताते हुए लिखा, “हमें इतना प्यार देने के लिए धन्यवाद, और प्रीति को हमेशा के लिए अपने दिलों का हिस्सा बनाने के लिए भी धन्यवाद।”
शालिनी ने अपनी पहली फिल्म को अपने जीवन और करियर का बेहद खास हिस्सा बताते हुए लिखा, “मेरी पहली फिल्म। हमेशा मेरे दिल का एक खास हिस्सा।” ‘अर्जुन रेड्डी’ में विजय देवरकोंडा और शालिनी पांडे मुख्य भूमिकाओं में थे। फिल्म की कहानी और कलाकारों के अभिनय ने दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई और शालिनी को प्रीति के किरदार से व्यापक लोकप्रियता मिली। उनके लिए यह भूमिका आज भी उनके अभिनय सफर की सबसे यादगार शुरुआत में शामिल है। तेलुगु सिनेमा में शानदार शुरुआत के बाद शालिनी पांडे ने हिंदी फिल्मों में भी काम किया और अलग-अलग तरह के किरदारों के जरिए अपनी पहचान बनाई। हालांकि, नौ साल बाद भी उनकी डेब्यू फिल्म और प्रीति का किरदार उनके दिल के बेहद करीब है।
