
नयी दिल्ली, 25 नवंबर (वार्ता) भारतीय कुश्ती के महान व्यक्तित्व, पद्मश्री से सम्मानित स्वर्गीय मास्टर चंदगीराम जी की पावन स्मृति में आयोजित 8वां ऑल इंडिया पुरुष एवं महिला चंदगीराम गोल्ड कप कुश्ती टूर्नामेंट-2026 का मंगलवार, प्रहलादपुर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में भव्य एवं गरिमामय समापन हुआ। शहीद भगत सिंह कुश्ती अकादमी, मिर्जापुर, हिसार के विक्की हुड्डा ने पुरुष वर्ग के 125 किग्रा और सोनीपत, हरियाणा की काजल ढोचक ने महिला वर्ग में 76 किग्रा वर्ग में चैम्पियन बनने का गौरव हासिल किया। 23 एवं 24 नवंबर को आयोजित इस दो दिवसीय राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आए पुरुष एवं महिला पहलवानों ने अपनी प्रतिभा, तकनीक, दमखम और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया।
इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का आयोजन चंदगीराम स्पोर्ट्स वेलफेयर चैरिटेबल ट्रस्ट एवं दिल्ली पुलिस के बाहरी उत्तरी जिला के संयुक्त तत्वावधान में किया गया था। प्रतियोगिता का उद्देश्य देश में कुश्ती प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना, युवा खिलाड़ियों को बेहतर मंच प्रदान करना तथा भारतीय कुश्ती की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाना रहा।
समापन समारोह में संयुक्त पुलिस आयुक्त (मध्य) मधुर वर्मा (आईपीएस) तथा पुलिस उपायुक्त (बाहरी उत्तरी जिला) शोभित सक्सेना (आईपीएस) ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। पुरुषों के 65 किलोग्राम एवं 86 किलोग्राम भार वर्गों में पुरस्कार वितरण संयुक्त पुलिस आयुक्त (मध्य) मधुर वर्मा तथा पुलिस उपायुक्त (बाहरी उत्तरी जिला) शोभित सक्सेना (आईपीएस) द्वारा किया गया।
महिला वर्ग के 53, 62 एवं 76 किलोग्राम भार वर्गों के विजेताओं को पूर्व कबड्डी खिलाड़ी कुलदीप डागर तथा चंदगीराम स्पोर्ट्स वेलफेयर चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष साहिल सर्राफ ने ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर पद्मश्री से सम्मानित कुश्ती गुरु सतपाल पहलवान तथा भारतीय खेल प्राधिकरण (साई), सोनीपत की क्षेत्रीय निदेशक श्रीमती ऋतु पथिक विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के मुख्य आयोजक भारत केसरी पहलवान जगदीश कालीरमन ने अतिथियों का स्वागत किया। उल्लेखनीय है कि जगदीश कालीरमन स्वयं पूर्व पहलवान हैं तथा महान कुश्ती गुरु स्वर्गीय पद्मश्री मास्टर चंदगीराम जी के सुपुत्र हैं। भारतीय खेल प्राधिकरण के सेवानिवृत्त कुश्ती प्रशिक्षक सहदेव सिंह बालियान ने भी अतिथियों एवं उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत करते हुए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
प्रतियोगिता के सबसे आकर्षक मुकाबलों में पुरुष ओपन वेट वर्ग में मिर्जापुर, हिसार स्थित शहीद भगत सिंह कुश्ती अकादमी के विक्की हुड्डा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। वहीं महिला ओपन वेट वर्ग में सोनीपत स्थित कुलदीप मलिक अकादमी की काजल ढोचक ने खिताब अपने नाम किया।
पुरुष वर्ग में 86 किलोग्राम भार वर्ग छत्रसाल स्टेडियम, दिल्ली के सचित प्रथम रहे जबकि 65 किलोग्राम भार वर्ग में
हवा सिंह अखाड़ा, हरियाणा के जीतेन्द्र मालिक ने खिताब जीता। महिला वर्ग में 62 किलोग्राम भार वर्ग में नेहा शर्मा, (देवेंद्र अखाड़ा) पहले स्थान पर रहीं जबकि 53 किलोग्राम भार वर्ग में मोहिनी (छोटू राम अखाड़ा, हरियाणा) ने पहला स्थान हासिल किया।
आयोजन के समापन पर चंदगीराम स्पोर्ट्स वेलफेयर चैरिटेबल ट्रस्ट एवं दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, रेफरियों, निर्णायकों, सहयोगियों एवं खेल प्रेमियों का आभार व्यक्त किया।