नेपाल से रिश्तों को नई ऊंचाई

भारत और नेपाल के संबंधों में भौगोलिक निकटता के साथ ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आर्थिक साझेदारी की गहरी बुनियाद रही है. दोनों देशों के बीच खुली सीमा, धार्मिक आस्था, पारिवारिक रिश्ते और परस्पर निर्भरता इस संबंध को विशिष्ट बनाते हैं. ऐसे में नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह की पहली आधिकारिक भारत यात्रा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हुई उच्चस्तरीय द्विपक्षीय वार्ता को दोनों देशों के रिश्तों में एक नए अध्याय की शुरुआत के रूप में देखा जाना चाहिए. खास बात यह है कि इस मुलाकात में परंपरागत कूटनीतिक औपचारिकताओं से आगे बढक़र आर्थिक विकास, कनेक्टिविटी, ऊर्जा, सुरक्षा और तकनीकी सहयोग पर ठोस पहल की गई है.

नेपाल में अगस्त में आई विनाशकारी बाढ़ और भूस्खलन के बाद पुनर्निर्माण के लिए भारत की ओर से 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के आर्थिक पैकेज की घोषणा दोनों देशों के बीच भरोसे और सहयोग का महत्वपूर्ण संकेत है. नेपाल की अर्थव्यवस्था और बुनियादी ढांचे को हुए नुकसान की भरपाई में यह सहायता निर्णायक भूमिका निभा सकती है. बहरहाल,अयोध्या और जनकपुरधाम को जोडऩे वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस रेल सेवा की शुरुआत का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व भी कम नहीं है. भगवान राम और माता सीता से जुड़े इन दोनों नगरों के बीच सीधा रेल संपर्क भारत और नेपाल की साझा सभ्यतागत विरासत को नई मजबूती देगा. इससे धार्मिक पर्यटन, स्थानीय कारोबार और रोजगार के अवसर बढऩे की उम्मीद है. यह पहल इस बात का भी उदाहरण है कि सांस्कृतिक संबंधों को आर्थिक गतिविधियों से जोडक़र दोनों देश परस्पर लाभ हासिल कर सकते हैं.

वार्ता के बाद आठ समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान भी सहयोग के व्यापक दायरे को दर्शाता है. अंतरिक्ष तकनीक, फॉरेंसिक विज्ञान, पुलिस और रक्षा प्रशिक्षण, प्रशासनिक क्षमता निर्माण, स्वास्थ्य, आयुर्वेद, शहरी विकास तथा पशुपालन जैसे क्षेत्रों में सहयोग से रिश्ते केवल सरकारों तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि संस्थागत स्तर पर भी मजबूत होंगे. विशेष रूप से सैटेलाइट संचार और सुरक्षा प्रशिक्षण के क्षेत्र में साझेदारी भविष्य की जरूरतों के अनुरूप है.

नेपाल के 52 सदस्यीय व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल की मौजूदगी और नेपाल-भारत बिजनेस फोरम का आयोजन इस यात्रा के आर्थिक पक्ष को रेखांकित करता है. जलविद्युत, बिजली पारेषण, पर्यटन और बुनियादी ढांचे में भारतीय निवेश नेपाल के विकास को गति दे सकता है. दूसरी ओर भारत को स्वच्छ ऊर्जा और क्षेत्रीय संपर्क के नए अवसर मिलेंगे.

हालांकि, भारत-नेपाल संबंधों की राह हमेशा आसान नहीं रही है. सीमा विवाद, राजनीतिक असहमतियां और नेपाल में समय-समय पर उभरने वाली भारत विरोधी भावनाएं रिश्तों की परीक्षा लेती रही हैं. इसलिए केवल समझौतों और घोषणाओं से काम नहीं चलेगा. उनकी समयबद्ध क्रियान्विति, आपसी विश्वास और एक-दूसरे की संप्रभुता के प्रति सम्मान भी जरूरी है.

बालेन शाह के नेतृत्व में नेपाल नई राजनीतिक और विकास संबंधी अपेक्षाओं के साथ आगे बढ़ रहा है. भारत को इस बदलाव को सकारात्मक अवसर के रूप में देखना चाहिए. दक्षिण एशिया में चीन की बढ़ती सक्रियता के बीच नेपाल के साथ मजबूत और भरोसेमंद साझेदारी भारत के रणनीतिक हितों के लिए भी महत्वपूर्ण है. अंतत: भारत की सफलता केवल अपने बड़े बाजार और आर्थिक ताकत में नहीं, बल्कि पड़ोसी देशों के साथ साझा समृद्धि का भरोसा पैदा करने में निहित है. यह यात्रा उस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है.

 

 

Next Post

ओडिशा में दो जीएसटी अधिकारी रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

Tue Nov 24 , 2026
भुवनेश्वर, (वार्ता) केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने सोमवार को यहां दो केंद्रीय जीएसटी अधिकारियों को एक कंपनी के प्रतिनिधि से उसकी फर्म के चार साल के ऑडिट की प्रक्रिया पूरी करने के बदले तीन लाख रुपये की रिश्वत लेने के मामले में रंगे हाथ गिरफ्तार किया। सीबीआई सूत्रों के मुताबिक […]

You May Like