
सतना/मैहर। मैहर जिले के रामनगर विकासखण्ड में लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल द्वारा दिये गये आवंटन के दुरूपयोग और राशि के गबन संबंधी प्रकरण ध्यान में आने पर मैहर कलेक्टर रानी बाटड ने जांच समिति का प्रतिवेदन प्राप्त होने के पश्चात निष्कर्षो के अनुरूप सख्त कार्यवाही अमल में लाई है। जांच प्रतिवेदन के आधार पर संयुक्त संचालक लोक शिक्षण रीवा संभाग ने शासकीय हाईस्कूल बड़वार के प्रभारी प्राचार्य मूल पद माध्यमिक शिक्षक संकर्षण प्रसाद पाण्डेय, शासकीय हाईस्कूल मड़वार की प्रभारी प्राचार्य मूल पद माध्यमिक शिक्षक श्रीमती किरण पटेल और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सगौनी के प्रभारी प्राचार्य मूल पद माध्यमिक शिक्षक रवीन्द्र सिंह को मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण नियम के विपरीत गंभीर कदाचरण पाये जाने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में तीनों अपचारी प्रभारी प्राचार्य का मुख्यालय विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय अमरपाटन नियत किया गया है।
शासकीय हाईस्कूल बड़वार के प्रभारी प्राचार्य संकर्षण प्रसाद पाण्डेय द्वारा विद्यालय को भवन मरम्मत, लघु निर्माण, पार्किंग शेड एवं साइकिल स्टैण्ड निर्माण के लिए संचालनालय द्वारा प्राप्त आवंटन से 23 लाख 24 हजार 332 रूपये का आहरण नियम विरूद्ध तरीके से करते हुए वाणी इन्फ्रास्ट्रक्चर एवं मटेरियल सप्लायर 55 प्रताप नगर 80 फीट विदिशा रोड भोपाल को भुगतान किया गया है। बिना कार्य पूर्णता के भुगतान स्वीकृति आदेश पर स्वीकृति और आहरण की कार्यवाही कर कार्य पूर्ण हुए बिना भुगतान किये जाने की नियम विरूद्ध कार्यवाही पाये जाने पर यह कार्यवाही की गई है। इसी प्रकार शासकीय हाईस्कूल मड़वार की प्रभारी प्राचार्य श्रीमती किरण पटेल द्वारा भवन मरम्मत, लघु निर्माण, पार्किंग शेड एवं साइकिल स्टैण्ड निर्माण के लिए संचालनालय द्वारा प्राप्त आवंटन से 24 लाख 5 हजार 564 रूपये का आहरण नियम विरूद्ध तरीके से करते हुए श्री रूद्र इंटर प्राइजेज शाप नम्बर 2 शर्मा भवन जेल तिराहा कटनी रोड मैहर को भुगतान किया गया है। बिना कार्य पूर्णता के भुगतान स्वीकृति आदेश पर स्वीकृति और आहरण की कार्यवाही कर कार्य पूर्ण हुए बिना भुगतान किये जाने की नियम विरूद्ध कार्यवाही पाये जाने पर यह कार्यवाही की गई है।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सगौनी के प्रभारी प्राचार्य मूल पद माध्यमिक शिक्षक रवीन्द्र सिंह को भवन मरम्मत, लघु निर्माण, पार्किंग शेड एवं साइकिल स्टैण्ड निर्माण के लिए संचालनालय द्वारा प्राप्त आवंटन से 24 लाख 94 हजार 855 रूपये का आहरण नियम विरूद्ध तरीके से करते हुए वाणी इन्फ्रास्ट्रक्चर एवं मटेरियल सप्लायर 55 प्रताप नगर 80 फीट विदिशा रोड भोपाल को भुगतान किया गया है। बिना कार्य पूर्णता के भुगतान स्वीकृति आदेश पर स्वीकृति और आहरण की कार्यवाही कर कार्य पूर्ण हुए बिना भुगतान किये जाने की नियम विरूद्ध कार्यवाही पाये जाने पर यह कार्यवाही की गई है। इसके पूर्व विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी रामनगर सहित 9 विद्यालयों के प्राचार्य इसी मामले में निलंबित किये जा चुके हैं।
