बुधनी के युवक ने मारी थी ढाबा संचालक को गोली

बुधनी। नर्मदापुरम जिले के सोहागपुर थाना क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ता एवं ढाबा संचालक सचिन राजपूत की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. पुलिस ने हत्या के आरोपी बुधनी निवासी योगेंद्र उर्फ योगी गुर्जर को गिरफ्तार कर देसी पिस्टल एवं मोटरसाइकिल जब्त कर ली है.

आरोपी योगेंद्र गुर्जर ने पूछताछ के दौरान हत्या करना स्वीकार किया है. आरोपी को मृतक सचिन राजपूत पर अपनी पत्नी के साथ अवैध संबंध होने का संदेह था. इसी शक के चलते उसने हत्या की साजिश रची और घटना को अंजाम दिया. पुलिस के अनुसार मृतक सचिन राजपूत 17 जून की रात ढाबे पर मौजूद था, तभी उसका परिचित योगेंद्र गुर्जर पहुंचा. आरोपी ने जरूरी बातचीत का हवाला देकर सचिन को अपने साथ बाइक पर बैठा लिया. दोनों रानी पिपरिया नहर की पुलिया के पास पहुंचे, जहां आरोपी ने देसी पिस्टल से सचिन के सिर में नजदीक से गोली मार दी. घटना के बाद आरोपी फरार हो गया.

देर रात तक सचिन राजपूत के घर नहीं लौटने और मोबाइल फोन बंद मिलने पर परिजनों व ढाबा कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की गई. जिसके आधार पर पुलिस टीम रात करीब 3 बजे पोंढ़ी पांजरा रोड स्थित नहर की पुलिया के पास पहुंची, जहां झाडिय़ों में सचिन राजपूत का शव बरामद हुआ. शव के सिर पर गोली लगने के स्पष्ट निशान मिले.

तकनीकी साक्ष्यों एवं पूछताछ के आधार पर पुलिस ने बुधनी निवासी योगेंद्र उर्फ योगी गुर्जर को हिरासत में लिया. पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया. पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त देसी पिस्टल और मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

 

 

Next Post

फीफा विश्व कप: स्विट्जरलैंड ने बोस्निया-हर्जेगोविना को 4-1 से हराया

Fri Jun 19 , 2026
लॉस एंजिलिस, 19 जून (वार्ता) जोहान मंजांबी के गोलो की बदौलत स्विट्जरलैंड ने फीफा विश्वकप 2026 के ग्रुप बी मुकाबले में बोस्निया-हर्जेगोविना पर 4-1 से जीत दर्ज की। स्विट्जरलैंड के लिए जोहान मंजांबी ने 74वें और 90वें मिनट में दो गोल किये। रूबेन वर्गास ने 84वें तथा कप्तान ग्रैनिट साका […]

You May Like