अशोक लेलैंड का अब तक का सर्वश्रेष्ठ तिमाही प्रदर्शन, 100 प्रतिशत अंतरिम लाभांश की घोषणा

चेन्नई, 14 नवंबर (वार्ता) हिंदुजा समूह की दिग्गज वाहन विनिर्माता कंपनी अशोक लेलैंड ने वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री, राजस्व और मुनाफे के मामले में अब तक का सर्वश्रेष्ठ तिमाही प्रदर्शन दर्ज किया है।
अशोक लेलैंड के दूसरी तिमाही के प्रदर्शन पर रविवार को जारी एक रिपोर्ट में कहा गया है कि कंपनी की कमर्शियल व्हीकल (सीवी) की बिक्री दूसरी तिमाही में सालाना आधार पर 32 प्रतिशत बढ़कर 64,677 यूनिट हो गई, जबकि पिछले वर्ष की समान तिमाही में यह 49,116 यूनिट थी।
दूसरी तिमाही में कंपनी का राजस्व भी 39 प्रतिशत की शानदार वृद्धि के साथ 13,364 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 9,588 करोड़ रुपये था। इस वृद्धि में बाजार की मजबूत मांग, बेहतर मूल्य प्राप्ति और उत्पादों की बाजार अनुकूल सूची का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

कंपनी का प्रावधानों से पूर्व परिचालन लाभ (एबिटडा) 1,350 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले वर्ष की समान अवधि में यह 1,162 करोड़ रुपये था।

तिमाही के दौरान कर पूर्व लाभ 14 प्रतिशत बढ़कर 1,187 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले वर्ष की समान अवधि में यह 1,043 करोड़ रुपये था। वहीं, कंपनी का कर पश्चात लाभ (शुद्ध) 13 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 869 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो पिछले वर्ष की समान तिमाही में 771 करोड़ रुपये था।
कंपनी ने कहा कि उसने मध्यम एवं भारी वाणिज्य वाहनों और हल्के वाणिज्यिक वाहनों के खंड में शानदार प्रदर्शन किया । दूसरी तिमाही में मध्यम एवं भारी वाणिज्य वाहनों की श्रेणी में बेहतर प्रदर्शन किया। कंपनी की बिक्री सालाना आधार पर 44 प्रतिशत बढ़कर 37,958 यूनिट हो गई, जबकि पिछले वर्ष की समान तिमाही में यह 26,307 यूनिट थी। इसके मुकाबले उद्योग की वृद्धि दर 39 प्रतिशत रही।
छोटे वाणिज्यिक वाहन खंड में बिक्री 21 प्रतिशत बढ़कर 21,371 यूनिट हो गई, जबकि पिछले वर्ष की समान अवधि में यह 17,697 यूनिट थी। घरेलू मध्यम एवं भारी ट्रकों की बिक्री में कंपनी ने 48 प्रतिशत की शानदार वृद्धि दर्ज की, जो उद्योग की 41 प्रतिशत वृद्धि दर से काफी अधिक रही। घरेलू ट्रक बाजार में कंपनी की हिस्सेदारी बढ़कर 31.5 प्रतिशत हो गयी है। तिमाही के दौरान कंपनी ने अपनी बाजार हिस्सेदारी में 1.5 प्रतिशत अंक की बढ़ोतरी दर्ज की।

छोटे वाणिज्यिक वाहन खंड में कंपनी की बाजार हिस्सेदारी लक्षित सेगमेंट में बढ़कर 13.6 प्रतिशत हो गई, जो सालाना आधार पर 0.3 प्रतिशत अंक की वृद्धि दर्शाती है।
तिमाही के दौरान कंपनी का निर्यात 7 प्रतिशत बढ़कर 5,102 यूनिट पर पहुंच गया। उत्पाद पोर्टफोलियो को और मजबूत करते हुए अशोक लेलैंड ने तिमाही के दौरान टिपर, बस, हॉलाज और छोटे वाणिज्यिक वाहन बाजार में कई नए उत्पाद पेश किए। अशोक लेलैंड ने तिमाही के अंत में 3,546 करोड़ रुपये की शुद्ध नकदी की स्थिति दिखायी है। जबकि पिछले वर्ष की समान अवधि में कंपनी के पास 990 करोड़ रुपये की नकदी थी।
कंपनी के निदेशक मंडल ने एक रुपये अंकित मूल्य वाले प्रत्येक शेयर पर एक रुपये का अंतरिम लाभांश घोषित किया है।
अशोक लेलैंड के चेयरमैन धीरज हिंदुजा ने कहा, “दूसरी तिमाही में हमारा रिकॉर्ड प्रदर्शन कंपनी के मजबूत कारोबारी बुनियादी सिद्धांतों, प्रतिस्पर्धी उत्पाद पोर्टफोलियो और ग्राहकों पर विशेष ध्यान देने की रणनीति को दर्शाता है। हमारी मजबूत बैलेंस शीट दीर्घकालिक विकास के लक्ष्यों को हासिल करने के लिए एक ठोस आधार प्रदान करती है।हम अपने अंतरराष्ट्रीय कारोबार के उत्साहजनक प्रदर्शन से प्रोत्साहित हैं और प्रमुख निर्यात बाजारों में अपनी मौजूदगी लगातार मजबूत कर रहे हैं। स्विच मोबिलिटी भी अच्छी प्रगति कर रही है और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी कारोबार की संभावनाएं सकारात्मक बनी हुई हैं।”
कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ शेनु अग्रवाल ने कहा, “दूसरी तिमाही का रिकॉर्ड प्रदर्शन, बाजार हिस्सेदारी में बढ़ोतरी और लगातार 15 तिमाहियों से दो अंकों (10 प्रतिशत से कुछ अधिक) का एबिडटा मार्जिन मार्जिन बनाए रखना, लाभदायक विकास पर हमारे निरंतर फोकस को दर्शाता है। हमारी मजबूत नकदी स्थिति हमें भविष्य की तकनीकों, नवाचार और नए उत्पादों में निवेश करने के लिए वित्तीय लचीलापन प्रदान करती है। इससे हमारी प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता और मजबूत होगी। हम नए और नवाचार आधारित उत्पाद प्लेटफॉर्म तथा विश्वस्तरीय सर्विस प्रक्रियाओं में लगातार निवेश कर रहे हैं। इससे कंपनी को अपनी विकास गति बनाए रखने में मदद मिलेगी।”

.....

Next Post

ओंकारेश्वर बुलेटिन: ऑटो चालकों पर कार्रवाई, महाराष्ट्र के मंत्री और गुजरात CM की पत्नी ने किए दर्शन, ट्रस्ट के पक्ष में हाईकोर्ट का फैसला

Sun Nov 15 , 2026
ओंकारेश्वर। ज्योतिर्लिंग नगरी ओंकारेश्वर में शुक्रवार को प्रशासनिक कार्रवाई से लेकर वीआईपी आगमन और न्यायिक फैसले तक कई महत्वपूर्ण गतिविधियां हुईं। *ऑटो चालकों पर प्रशासन की सख्ती -* कलेक्टर के निर्देश पर आरटीओ अधिकारी निशा चौहान और एसडीओपी दिव्या झरिया की टीम ने 14 नवंबर को सघन जांच अभियान चलाया। […]

You May Like