
ओंकारेश्वर। ज्योतिर्लिंग नगरी ओंकारेश्वर में शुक्रवार को प्रशासनिक कार्रवाई से लेकर वीआईपी आगमन और न्यायिक फैसले तक कई महत्वपूर्ण गतिविधियां हुईं।
*ऑटो चालकों पर प्रशासन की सख्ती -* कलेक्टर के निर्देश पर आरटीओ अधिकारी निशा चौहान और एसडीओपी दिव्या झरिया की टीम ने 14 नवंबर को सघन जांच अभियान चलाया। श्रद्धालुओं से अधिक किराया वसूलने और बिना दस्तावेज वाहन चलाने पर 7 ऑटो जब्त किए गए और 10,500 रुपये का चालान काटा गया।
*महाराष्ट्र के राज्य मंत्री ने किए दर्शन -* पुणे से शिवसेना के राज्य मंत्री निलेश गिरमे ने 14 नवंबर को ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग पहुंचकर भगवान महादेव का पूजन किया। मंदिर के मैनेजिंग ट्रस्टी राव पुष्पेंद्र सिंह चौहान ने उनका स्वागत कर दर्शन व्यवस्था कराई।
*गुजरात सीएम की पत्नी का आगमन -* गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की धर्मपत्नी हेतलबेन पटेल ने भी ओंकारेश्वर धाम पहुंचकर विधि-विधान से ज्योतिर्लिंग का अभिषेक और दर्शन किया।
*मंदिर ट्रस्ट के पक्ष में हाईकोर्ट का फैसला -* माननीय उच्च न्यायालय ने खंडवा जिला न्यायालय के पूर्व फैसले को बरकरार रखते हुए ओंकारेश्वर मंदिर ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी राव पुष्पेंद्र सिंह के पक्ष में निर्णय सुनाया है, जिससे ट्रस्ट प्रशासन को बड़ी राहत मिली है।
*सिंहस्थ 2028 की तैयारियां और विस्तार विवाद -* आगामी सिंहस्थ 2028 को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास के बाजारों के विकास कार्य का सर्वे जारी है। हालांकि मंदिर विस्तार से होने वाले विस्थापन को लेकर स्थानीय व्यापारियों में विरोध है। इसे सुलझाने के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधि लगातार बैठकें कर रहे हैं।
*अन्य महत्वपूर्ण अपडेट – नर्मदा क्रूज सेवा की तैयारी -* गुजरात के ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ से ओंकारेश्वर के ‘स्टैच्यू ऑफ वननेस’ को जोड़ने के लिए 600 यात्रियों की क्षमता वाली लग्जरी इंटरस्टेट क्रूज सेवा शुरू करने की योजना पर तेजी से काम चल रहा है।
