सराफा कारोबारी के सूने घर में 50 लाख की चोरी

सतना: शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में चोरों ने एक सराफा कारोबारी के सूने मकान को निशाना बनाते हुए लगभग 50 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर और नगदी पर हाथ साफ कर दिया. वारदात उस समय हुई जब पूरा परिवार घूमने के लिए उचेहरा के इचौल आर्ट गया हुआ था. रात को लौटने पर घर का सामान बिखरा मिला और तीन कमरों की अलमारियां खुली हुई थीं.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आस्था कुटी, पुराना पावर हाउस के पास राज होम्स गली निवासी विपुल जैन (31) रविवार दोपहर करीब 3 बजे परिवार सहित घूमने के लिए इचौल आर्ट गैलरी (उचेहरा) गए थे. रात करीब 9:30 बजे घर लौटे तो दरवाजा खोलकर अंदर पहुंचे. सबसे पहले मां के कमरे की अलमारी खुली मिली, जिसमें रखे सोने-चांदी के जेवर और नगदी गायब थी. इसके बाद अपने और बड़े भाई के कमरे की जांच की तो वहां की अलमारियां भी खुली मिलीं. सभी कमरों से जेवर और नकदी चोरी हो चुकी थी.
बदमाश छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और छत के दरवाजे का कांच तोड़कर अंदर प्रवेश किया. विपुल के परिवार का सराफा का कारोबार है. उनकी पुराना पावर हाउस चौक में एचबी ज्वेलर्स नाम से शो रूम है. सोमवार को सूचना मिलने पर पुलिस ने मौका मुआयना किया.
जांच में जुटी पुलिस
सिटी कोतवाली पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ बीएनएस की धारा 331(4) और 305(ए) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है. पुलिस का कहना है कि हर पहलू से जांच की जा रही है. सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश जारी है. जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया गया है.

Next Post

ट्रंप ने कनाडा पर फोड़ा 50% का टैरिफ बम, ट्रेड वॉर की आहट से वैश्विक बाजार में मची खलबली

Tue Jul 21 , 2026
डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा पर 50 फीसदी टैरिफ लगाने का फैसला लिया है। ऑटोमोबाइल और डेयरी विवाद के कारण लिए गए इस निर्णय से वैश्विक महंगाई बढ़ने का खतरा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बड़ा कदम उठाते हुए कनाडा से आने वाले अधिकांश सामानों पर 50 प्रतिशत आयात […]

You May Like