इसी महीने शुरू हो जाएगा मेला, दुकानें व शोरूम बनाने का काम शुरू

ग्वालियर। सवासौ साल पुराने ग्वालियर व्यापार मेला लगने की तारीख नजदीक आ गई है। मेले की तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। एक ओर जहां मेला प्रांगण की दुकानों की साफ-सफाई व रंगाई-पुताई का काम चल रहा है तो दूसरी ओर दुकानें लगाने के लिये फर्नीचर की संरचनायें तैयार होने लगी हैं। मेले के झूला सेक्टर, इलेक्ट्रोनिक सेक्टर व सामान्य सेक्टर में बहुत से दुकानदारों ने संरचनायें बनाने का काम शुरू कर दिया है। इस साल ग्वालियर मेला 25 दिसम्बर से 25 फरवरी तक आयोजित होगा।

ग्वालियर मेले ने अपने 120 वर्ष पूरे कर लिए हैं। यह मेला ग्वालियर सहित सम्पूर्ण मध्यभारत यहाँ तक देश की व्यापारिक धड़कन है। साथ ही स्थानीय उत्पादों के संवर्धन की एक जीवंत परंपरा भी है। मेले की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। वर्ष 1905 में ग्वालियर रियासत के तत्कालीन शासक महाराज माधौराव सिंधिया (प्रथम) ने इस मेले की नींव मेला मवेशियान के रूप में रखी थी। पशुधन की नस्ल सुधारने, किसानों और पशुपालकों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने तथा ग्वालियर अंचल के उत्पादों को देश के अन्य भागों तक पहुँचाने के उद्देश्य से यह मेला शुरू किया गया था। उस समय यह ग्वालियर मेला सागरताल के 50 हजार वर्ग फीट क्षेत्र में आयोजित होता था, जहाँ पानी की सुविधा और ग्रामीण संपर्क इसकी बड़ी ताकत थी। बढ़ती लोकप्रियता के साथ यह मेला व्यापारिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण बन गया। वर्ष 1918 में इसे वर्तमान रेसकोर्स रोड स्थित 104 एकड़ भूमि पर स्थायी रूप से स्थापित किया गया और इसे नया नाम मिला “व्यापार मेला एवं कृषि प्रदर्शनी”। आरंभ में मेला अवधि 20 दिसंबर से 14 जनवरी तक तय की गई। एक ऐसा समय जब ग्वालियर की सर्द हवा व्यापारिक उत्साह से सराबोर हो उठती है।

ग्वालियर मेला को 23 अगस्त 1984 को राज्य स्तरीय ट्रेड फेयर का दर्जा प्राप्त हुआ। इसके बाद इसकी पहचान और प्रभाव दोनों कई गुना बढ़ गए। वर्ष 1967-68 में मेले की हीरक जयंती मनाई गई। इसी तरह वर्ष 1982-83 में प्लेटिनम जयंती एवं वर्ष 2004-05 मेले ने अपनी शताब्दी वर्षगांठ मनाई। शासन द्वारा वर्ष 2002 में मेले का नाम श्रीमंत माधवराव सिंधिया व्यापार मेला घोषित किया गया। इसके बाद 30 दिसम्बर 1996 को लागू ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण अधिनियम के तहत इसका प्रबंधन स्वतंत्र प्राधिकरण को सौंपा गया, जिससे मेले के संचालन और विकास को संस्थागत स्वरूप मिला। आज ग्वालियर मेला केवल परंपरा का प्रतीक नहीं, बल्कि नवाचार, आत्मनिर्भरता और डिजिटल युग की पहचान भी है। ऑनलाइन आवंटन प्रणाली, थीम आधारित पवेलियन और प्रदेशभर के उद्योगों की सहभागिता इसे आधुनिकता से जोड़ते हैं। साथ ही लोककला, हस्तशिल्प, झूले और सांस्कृतिक कार्यक्रम इसकी जीवंतता को बनाए रखते हैं। ग्वालियर मेला ने एक सदी से अधिक की यात्रा में न केवल व्यापार का विस्तार किया है, बल्कि इसने ग्वालियर की पहचान, संस्कृति और आत्मा को जीवित रखा है।

Next Post

गोल पहाड़िया बिजलीघर की सड़क के लिए होगा आंदोलन

Tue Dec 2 , 2025
ग्वालियर। गोलपहाड़िया बिजलीघर रोड के आसपास रहने वाले लोगो का जीवन नरक बना हुआ है, छोटे बड़े दुकानदारों का व्यवसाय ठप पड़ा हुआ है। किसान और राहगीरों का इस रोड से निकलना कठिन हो गया है। पिछले दो वर्षों से ये ऊबड़ खाबड़ सड़क हादसों की वजह बन गई है। […]

You May Like