मुंबई, 21 मई (वार्ता) फिल्म ‘दे दे प्यार दे 2’ का वर्ल्ड टेलीविज़न प्रीमियर इस रविवार, 24 मई को दोपहर 12 बजे ज़ी सिनेमा पर होगा। अंशुल शर्मा के निर्देशन में बनी ‘दे दे प्यार दे 2’ को टी-सीरीज़ के भूषण कुमार और कृष्ण कुमार, साथ ही लव फिल्म्स के लव रंजन और अंकुर गर्ग ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म में अजय देवगन, रकुल प्रीत सिंह, आर माधवन, मीज़ान जाफरी, जावेद जाफरी, इशिता दत्ता और गौतमी कपूर जैसे कलाकार नजर आएँगे। अजय देवगन ने कहा,“दे दे प्यार दे 2 भावनाओं, रिश्तों, उलझनों और अप्रत्याशित परिस्थितियों से भरी हुई फिल्म है, जो बेहद मनोरंजक तरीके से सामने आती है। यह ऐसी फिल्म है, जिसका आप अपने परिवार के साथ बैठकर पूरा आनंद ले सकते हैं और मैं उत्साहित हूँ कि अब दर्शक ज़ी सिनेमा पर इसके वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर के साथ इसे एक साथ एंजॉय करेंगे।”
फिल्म के बारे में बात करते हुए, आर माधवन कहते हैं, “फिल्म में एक पिता के तौर पर मेरा किरदार अपनी बेटी को लेकर बहुत प्रोटेक्टिव है, खासकर तब जब उसकी लव लाइफ उसे कई तरह से चौंका देती है। मुझे सबसे ज्यादा मजा ऐसे किरदार को निभाने में आया, जो एक साथ जज़्बाती भी है, ड्रामेटिक भी और अनजाने में मजेदार भी। किरदारों के बीच की केमिस्ट्री और टकराव ही कहानी को आगे बढ़ाते हैं और मैं चाहता हूं कि दर्शक इसे ज़ी सिनेमा पर जरूर देखें।” रकुल प्रीत सिंह ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा, “मेरा किरदार दो ऐसे लोगों के बीच फंस जाता है, जिन्हें लगता है कि वही उसके लिए सबसे सही फैसला ले सकते हैं और यहीं से पूरी मस्ती शुरू होती है। एक तरफ वह इंसान है जिससे वह प्यार करती है और दूसरी तरफ उसके पिता, लेकिन दोनों में से कोई भी पीछे हटने को तैयार नहीं है। मुझे इस फिल्म की सबसे खास बात यह लगी कि कॉमेडी के पीछे रिश्तों, जजमेंट और फैमिली एक्सेप्टेंस का एक बहुत रिलेटेबल जज़्बाती पहलू भी है। यह फिल्म मजेदार भी है, उलझनों से भरी भी और ऐसे पलों से भरी हुई है, जिनसे परिवार के लोग ज़ी सिनेमा पर देखते ही जुड़ाव महसूस करेंगे।“

