
भोपाल। राजधानी भोपाल के लिए रेल सौगात के रूप में संत हिरदाराम नगर रेलवे स्टेशन को आधिकारिक तौर पर जंक्शन का दर्जा मिल गया है। आदेश जारी होने के बाद अब यह स्टेशन भोपाल का दूसरा जंक्शन बन गया है। इस फैसले को हुजूर विधानसभा क्षेत्र और संत नगर इलाके के विकास के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है।
इस अवसर पर हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और भोपाल सांसद आलोक शर्मा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय संत हिरदाराम नगर सहित पूरे क्षेत्र के विकास को नई गति देगा।
विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि जंक्शन बनने के बाद क्षेत्र की व्यापारिक पहचान मजबूत होगी और कई रेल मार्गों से सीधा जुड़ाव स्थापित होने से आवागमन एवं परिवहन पहले से अधिक सुगम होगा। साथ ही ट्रेनों की संख्या और सुविधाओं में विस्तार होने से रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
उन्होंने कहा कि यह सौगात केवल रेलवे सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे संत नगर क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास के नए द्वार खुलेंगे। बेहतर कनेक्टिविटी से व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय नागरिकों को यात्रा में अधिक सुविधा प्राप्त होगी।
गौरतलब है कि विधायक रामेश्वर शर्मा के प्रयासों से ही संत हिरदाराम रेलवे स्टेशन को रतलाम डीआरएम से हटाकर भोपाल डीआरएम में शामिल किया गया था। उनकी पहल पर ही बैरागढ़ स्टेशन का नाम बदलकर संत हिरदाराम नगर रेलवे स्टेशन किया गया था। इसके अलावा अमृत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन को अत्याधुनिक स्वरूप देने का निर्माण कार्य भी तेजी से जारी है। आज जारी आदेश में भोपाल रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले दो अन्य स्टेशनों रूठियाई और talvadya
रेलवे विशेषज्ञों के अनुसार किसी स्टेशन को जंक्शन का दर्जा मिलने से वहां रेल संपर्क, ट्रेनों की आवाजाही, व्यापारिक गतिविधियां और रोजगार की संभावनाएं तेजी से बढ़ती हैं। अब संत हिरदाराम नगर को भी इन सभी सुविधाओं और विकास का लाभ मिलने की उम्मीद है।
