मैं 400 मीटर के विश्व रिकॉर्ड को तोड़ने का प्रयास करना चाहती हूं: शॉन मिलर-उइबो

नई दिल्ली में रविवार को होने वाली ‘वर्ल्ड एथलेटिक्स गोल्ड लेबल रोड रेस’ के 21वें संस्करण से पहले संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने यह बात कही। वह इस स्पर्धा में प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाने और उन्हें सपोर्ट करने के लिए मौजूद रहेंगी।

उन्होंने कहा, “मैंने 400 मीटर दौड़ में लगभग हर खिताब जीता है, इसलिए अब मेरे लिए नए लक्ष्य तय करने का समय है। मैं विश्व रिकॉर्ड तोड़ने का प्रयास करना चाहूंगी। हाल के वर्षों में हमने देखा है कि महिला धावकों ने 48 सेकंड से कम समय में दौड़ पूरी की है, और मुझे विश्वास है कि मैं भी ऐसा करने में पूरी तरह सक्षम हूँ। अगर हम एक-दूसरे के साथ प्रतिस्पर्धा करते रहें, तो मुझे लगता है कि हम एक-दूसरे को इस लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर सकते हैं।”

भारत की अपनी पहली यात्रा के दौरान, मिलर-उइबो ने वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन के महत्व के बारे में भी बात की और बताया कि वह रविवार को धावकों का समर्थन करने के लिए क्यों उत्साहित हैं।

उन्होंने कहा, “मैं इसे लेकर बहुत उत्साहित हूँ। यह सिर्फ दौड़ने से कहीं बढ़कर है। यह एक बेहतरीन समुदाय है, जहाँ लोग अलग-अलग सामाजिक उद्देश्यों के लिए अपना समर्थन दे सकते हैं। यह आयोजन लोगों को बाहर लाता है और भारत में उन्हें एक साथ जोड़ता है। मुझे यह जानकर भी खुशी हुई कि इस साल प्रतिभागियों की संख्या अधिक है, और विशेष रूप से महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है। मुझे उम्मीद है कि इस साल की दौड़ और भी अधिक महिलाओं को प्रेरित करेगी कि वे अगले साल बाहर आएं और अपने सपनों और लक्ष्यों की दिशा में अपना पहला कदम उठाएं।”

मिलर-उइबो 2023 में एक बेटे और 2025 में एक बेटी की माँ बनीं। इस सीज़न में उन्होंने बहामास की राजधानी नसाऊ में अपने पिता की कोचिंग में अपनी स्पीड को फिर से बेहतर बनाने पर काम किया है। उन्होंने कहा, “दो बार माँ बनने के बाद, मुझे खुद के साथ काफी धैर्य रखना पड़ा। मैं वहीं से शुरुआत करना चाहती थी जहाँ मैंने छोड़ा था, लेकिन मुझे सब कुछ फिर से नए सिरे से तैयार करना पड़ा। इस सीज़न से पता चला है कि मेरी स्पीड वापस आ गई है, और मैं 400 मीटर रेस में वापसी करने के लिए बहुत उत्साहित हूं। अपने बच्चों के साथ होने से मुझे इस खेल में एक नया मकसद मिला है। मैं उन्हें दिखा सकती हूं कि उनकी मम्मी क्या करती हैं, और उम्मीद है कि इससे उन्हें भी प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028 में मैं सिर्फ एक इवेंट में हिस्सा लूंगी, लेकिन अभी यह तय नहीं है कि वह कौन सा इवेंट होगा। मैं हमेशा से 200 मीटर में ओलंपिक मेडल जीतना चाहती थी, लेकिन साथ ही, 400 मीटर में भी किसी ने अब तक तीन मेडल नहीं जीते हैं। इसलिए हम दोनों विकल्पों पर विचार करेंगे और फिर कोई फैसला लेंगे। वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन में 41,000 से ज़्यादा प्रतिभागियों के हिस्सा लेने पर, मिलर-उइबो ने लंबी दूरी के धावकों के जज़्बे की तारीफ की।

‘वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन’ का 21वां संस्करण रविवार, 18 अक्टूबर को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से शुरू होगा।

 

Next Post

सड़क हादसे में घायल अधेड़ की मौत

Thu Oct 15 , 2026
छिंदवाड़ा: जिले के सिंगोड़ी के पास सड़क हादसे में घायल हुए 52 वर्षीय व्यक्ति की उपचार के दौरान रात में मौत हो गई। हादसा दोपहर के समय हुआ था। घटना के बाद घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां देर रात उसने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान […]

You May Like

Play sound