
छिंदवाड़ा, थाना जुन्नारदेव क्षेत्र के ग्राम बकाईनढाना (गोनावाड़ी) में जादू-टोना की आशंका और पशुओं को घास चराने के विवाद को लेकर हुई किसान की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार 13 जुलाई की शाम डायल-112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम बकाईनढाना निवासी झडूलाल यादव की खेत में हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच प्रारंभ की। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि मृतक और आरोपी के बीच खेत में गाय-भैंस चराने को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था तथा कुछ दिन पूर्व इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी भी हुई थी।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपियों को मृतक पर जादू-टोना और तंत्र-मंत्र करने का संदेह था, जिसके चलते उनके मन में रंजिश बढ़ती चली गई। घटना वाले दिन दोनों आरोपी कुल्हाड़ी लेकर खेत पहुंचे और झडूलाल यादव पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अलग-अलग टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की और फरार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो कुल्हाड़ियां तथा घटना के समय पहने गए कपड़े भी जब्त किए गए।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक अजय पांडे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे तथा एसडीओपी सोनम पाटिल के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक जे. मसराम सहित पुलिस टीम ने मामले के खुलासे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
………………………………………
