नयी दिल्ली 06 अगस्त (वार्ता) दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने शिक्षा के मुद्दे पर बुधवार को आम आदमी पार्टी (आप) पर निशाना साधा और कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कभी निजी विद्यालयों की मनमानी रोकने को लेकर कोई कानूनी प्रयास नहीं किया और अब जब भाजपा सरकार विद्यालय शुल्क विनियम विधेयक लेकर आयी है, तो आप के नाता बौखला गये हैं।
श्री सचदेवा ने आज यहां संवाददाताओं से कहा कि आप नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी लगभग 10 साल दिल्ली की शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी रहीं। पहले आठ वर्ष तत्कालीन शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया की असंवैधानिक सहयोगी के रूप में फिर अंतिम दो वर्ष शिक्षा मंत्री एवं मुख्यमंत्री रहीं, लेकिन उन्होंने कभी निजी विद्यालयों पर कोई कानूनी नकेल नहीं कसी और अब बेशर्मी के साथ बयानबाजी कर अभिवावकों को गुमराह करने की कोशिश कर रही हैं।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि 2011 से 2025 की आम आदमी पार्टी की राजनीतिक यात्रा दिखाती है कि यह सत्ता में रहें या विपक्ष में इनका राजनीतिक अस्तित्व केवल मीडिया में बयानबाजी तक सीमित है। उन्होंने कहा कि आप नेता इतने ही सच्चे हैं, तो अपने कार्यकाल में कानून बनाते।
