कर्नाटक को नबी ने झकझोरा, मयंक के नाबाद शतक ने संभाला

हुबली, 26 फरवरी (वार्ता) आकिब नबी (तीन विकेट) ने बेहतरीन गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए गुरुवार को रणजी ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले के तीसरे दिन कर्नाटक को झकोझोर दिया। वहीं मयंक अग्रवाल (नाबाद 130) ने धैर्यपूर्ण बल्लेबाजी कर ना केवल अपना शतक पूरा किया बल्कि जम्मू-कश्मीर के झटकों से अपनी टीम को संभाल कर स्टंप के समय पांच विकेट पर 220 के स्कोर तक पहुंचा दिया। कर्नाटक अभी जम्मू-कश्मीर के 584 रन के विशाल स्कोर से 364 रन पीछे है। जम्मू-कश्मीर को 584 रन के विशाल स्कोर पर रोकने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी कर्नाटक को आकिब नबी के कहर का सामना करना पड़ा। 12वें ओवर में नबी ने केएल राहुल (13) को आउट किया। नबी ने करुण नायर और आर स्मरण को खाता खोलने का भी मौका नहीं दिया। कप्तान देवदत्त पड़िक्कल (11) को सुनील कुमार ने आउट किया। 57 पर चार विकेट गंवाने के बाद संकट में फंसी कर्नाटक को मयंक अग्रवाल और श्रेयस गोपाल की जोड़ी ने संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच पांचवें विकेट के लिए 105 रनों की साझेदारी हुई। 49वें ओवर में युद्धवीर सिंह चरक ने श्रेयस गोपाल (27) को पगबाधा आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। दिन का खेल समाप्त होने के समय कर्नाटक ने 69 ओवर में पांच विकेट पर 220 रन बना लिये है। मयंक अग्रवाल (नाबाद 130) और कृतिक कृष्णा (नाबाद 27) क्रीज पर मौजूद है। मयंक ने 207 गेंदों पर नाबाद 130 रनों की पारी में 17 चौके लगाये हैं।

कर्नाटक के लिए आकिब नबी ने तीन विकेट लिये। सुनील कुमार और युद्धवीर सिंह चरक ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया। इससे पहले आज यहां जम्मू-कश्मीर ने कल के छह विकेट पर 527 रन से आगे खेलना शुरु किया। सुबह के सत्र में अभी जम्मू-कश्मीर के स्कोर में 12 रन का इजाफा हुआ था कि प्रसिद्ध कृष्ण ने आबिद मुश्ताक (28) को आउट कर कर्नाटक को सातवीं सफलता दिलाई। इसके बाद उन्होंने 163वें ओवर में आकिब नबी (दो) का भी शिकार कर लिया। साहिल लूथरा ने कुछ समय तक संघर्ष दिखाया। अंतत: विजयकुमार वैशक ने 173वें ओवर में साहिल लूथरा को विद्याधर पाटिल के हाथों कैच आउट करा दिया। साहिल लूथरा ने 138 गेंदों में आठ चौकों की मदद से 72 रन बनाये। अगले ही ओवर में देवदत्त पड़िक्कल ने तेज बल्लेबाजी कर रहे युद्धवीर सिंह चरक को रनआउट कर 584 के स्कोर जम्मू-कश्मीर की पारी का अंत कर दिया। युद्धवीर सिंह चरक ने 28 गेंदों में तीन चौके और दो छक्कों की मदद से 30 रन बनाये। कर्नाटक की ओर से प्रसिद्ध कृष्णा ने पांच विकेट लिये। विद्याधर पाटिल, श्रेयस गोपाल, विजयकुमार वैशक और शिखर शेट्टी ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

Next Post

कपिल देव ने साय से की मुलाकात, अंतरराष्ट्रीय गोल्फ कोर्स को मंजूरी

Thu Feb 26 , 2026
रायपुर, 26 फरवरी (वार्ता) छत्तीसगढ़ में खेलों के विकास और बुनियादी ढांचे को नई ऊंचाई देने के लिए एक ऐतिहासिक पहल की गई है। पद्मभूषण से सम्मानित पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान और पीजीटीआई (प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया) के अध्यक्ष कपिल देव ने नया रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में […]

You May Like