मुंबई, 31 अक्टूबर (वार्ता) दक्षिण भारतीय फिल्म निर्देशक पा. रंजीत की बहुप्रतीक्षित पैन इंडिया फिल्म ‘वेट्टुवम’ पोंगल 2027 के अवसर पर दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में आर्या, शोभिता धूलिपाला और कलैयारासन मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म के निर्माताओं ने नया पोस्टर जारी कर इसकी रिलीज की घोषणा की है। फिल्म का परिचय वीडियो ‘द वर्ल्ड ऑफ वेट्टुवम’ भी जारी किया गया है, जिसे हिंदी में पंकज त्रिपाठी, तमिल में पा. रंजीत, तेलुगु में राणा दग्गुबाती, कन्नड़ में किच्चा सुदीप और मलयालम में सौबिन शाहिर ने आवाज दी है।
फिल्म की कहानी जमीन पर कब्जे को लेकर संघर्ष और उसके वर्तमान तथा भविष्य पर पड़ने वाले प्रभावों के इर्द-गिर्द घूमती है। इसमें पारंपरिक मार्शल आर्ट के साथ प्राचीन खेल मल्लखंब को भी एक्शन के अनूठे अंदाज में प्रस्तुत किया गया है। इसके लिए फिल्म के प्रमुख कलाकारों ने विशेष प्रशिक्षण लिया है। ‘कबाली’, ‘काला’, ‘सरपट्टा परंबरई’ और ‘थंगालान’ जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुके पा. रंजीत ने इस फिल्म की कहानी लिखने के साथ निर्देशन भी किया है। फिल्म का संगीत जी. वी. प्रकाश कुमार ने तैयार किया है। फिल्म का निर्माण एस. साई देवानंद, एस. साई वेंकटेश्वरन और पा. रंजीत ने लर्न एंड टीच प्रोडक्शन तथा नीलम प्रोडक्शंस के बैनर तले किया है। यह फिल्म हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ सहित पांच भाषाओं में रिलीज होगी।

