इंदौर: नगर निगम द्वारा आज से शुरू जल सुनवाई में पहले ही दिन 3 सौ से ज्यादा पानी की शिकायतें मिली हैं. निगम ने आज से हर मंगलवार सभी वार्डो की पानी टंकियों पर जल सुनवाई शुरू की है. खास बात यह है कि निगम के 311 एप पर दूषित पानी की अभी भी सैंकड़ों शिकायत दर्ज है और आज नई शिकायत और बढ़ गई.नगर निगम द्वारा भागीरथपुरा के घटना के बाद आज से शहर की सभी टंकियों पर पानी की समस्या को लेकर जल सुनवाई शुरू की.
पहले दिन ही जनता ने जलप्रदाय से जुड़ी विभिन्न समस्याएं, शिकायतें की. आज जलप्रदाय से संबंधित 309 से ज्यादा शिकायतें रहवासियों ने की है. पानी की टंकियों पर की गई शिकायतों में पानी की आपूर्ति में अनियमितता, कम दबाव से जलप्रदाय, दूषित एवं लीकेज, पाइपलाइन मरम्मत, समय पर पानी नहीं मिलना जैसी मुख्य समस्या लोगों ने बताई है. नगर निगम क्षेत्र की समस्त 85 पेयजल टंकियों- जैसे जिंसी टंकी, किला मैदान टंकी, बाणगंगा लक्ष्मीबाई स्टेशन टंकी, स्कीम नंबर 155 टंकी, छत्रीबाग टंकी, मच्छी बाजार, कडाव घाट, जयरामपुर टंकी, राज मोहल्ला टंकी, गांधी हॉल टंकी, सदर बाजार टंकी, भागीरथपुरा टंकी, महाराणा प्रताप नगर टंकी, संगम नगर टंकी, सुखलिया, नंदा नगर, खजराना, अन्नपूर्णा, बॉम्बे हॉस्पिटल, समर पार्क सहित अन्य सभी निर्धारित टंकियों पर जल सुनवाई की शिकायत ली गई.
अधिक से अधिक लाभ उठाएं
महापौर पुष्यमित्र भार्गव एवं निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने बताया कि नगर निगम के सभी 85 वार्डों में स्थित पेयजल टंकियों आज से हर मंगलवार 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक जल सुनवाई की जाएगी. उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपनी जल संबंधी समस्याएं निर्धारित समय पर संबंधित पेयजल टंकी पर जाकर दर्ज कराएं। निराकरण नहीं होने पर वरिष्ठ अधिकारी को सूचित करे.
