एसी ,एलईडी के लिए पीएलआई योजना में 15 सितंबर से 14 अक्टूबर तक फिर आवेदन का मौका

नयी दिल्ली , (वार्ता) सरकार ने घरेलू उपकरणों (एसी और एलईडी लाइट्स) के लिए पीएलआई योजना के तहत निवेश के इच्छुक उद्यमियों को आवेदन का एक और मौका दिया है।
सरकार ने 15 सितंबर से 14 अक्टूबर तक उद्यमियों को फिर से आवेदन का मौका देने का फैसला लिया है।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने रविवार को एक विज्ञप्ति में यह घोषणा करते हुए कहा कि उद्योग जगत की इस योजना के अंतर्गत और अधिक निवेश करने की इच्छा के आधार पर आवेदकों को आवेदन का यह अवसर देने का निर्णय किया गया है। मंत्रालय का कहना है कि यह निर्णय पीएलआईडब्ल्यूजी योजना के तहत भारत में एसी और एलईडी लाइट्स के प्रमुख पुर्जों के निर्माण से उत्पन्न बढ़ते बाजार और विश्वास को दर्शाता है।
यह योजना 16 अप्रैल 2021 को अधिसूचित की गयी थी और इसका बीच में समय-समय पर संशोधन किया गया था। योजना के लिये नयी आवेदन खिड़की 04 जून 2021 को जारी पीएलआईडब्ल्यूजी योजना दिशानिर्देशों में निर्धारित नियमों और शर्तों पर खोली जा रही है।
सरकार का कहना है कि योजना के लिए आवेदन खिड़की 15 सितंबर से 14 अक्टूबर, 2025 (दोनों तिथियां सम्मिलित) तक ऑनलाइन पोर्टल पीएलआईडब्ल्यूजी.डीपीआईटी.जीओवी.इन/पर खुली रहेगी। आवेदन विंडो बंद होने के बाद कोई भी आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
पीएलआईडब्ल्यूजी योजना के पैरा 6.4 और योजना दिशानिर्देशों के पैरा 9.3 के अनुसार, आवेदक केवल योजना की शेष अवधि के लिए प्रोत्साहन के लिए पात्र होंगे।
अब तक पीएलआई योजना के तहत 10,406 करोड़ रुपये के निवेश के साथ 83 आवेदकों को लाभार्थियों के रूप में चुना गया है। इस निवेश से संपूर्ण मूल्य श्रृंखला में एयर कंडीशनर और एलईडी लाइट्स के पुर्जों का निर्माण होगा। इसमें वे पुर्जे भी शामिल हैं जिनका वर्तमान में भारत में पर्याप्त मात्रा में निर्माण नहीं होता है।
यह योजना वित्त वर्ष 2021-22 से वित्त वर्ष 2028-29 तक, सात वर्षों की अवधि में क्रियान्वयित की जाएगी और इसका परिव्यय 6,238 करोड़ रुपये है।

Next Post

एक शाम बंसी वाले के नाम, हेमंत बृजवासी की भजनों से सजी शाम

Mon Sep 15 , 2025
जबलपुर: पंजाबी महासंघ जबलपुर द्वारा आयोजित एक शाम बंसी वाले के नाम कार्यक्रम में रविवार की रात एम.एल.बी. ग्राउंड श्रीकृष्ण भक्ति में डूब गया। वृंदावन से पधारे प्रसिद्ध भजन गायक हेमंत बृजवासी ने अपनी मनमोहक प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। मंच पर हेमंत बृजवासी ने “मुरली मनोहर श्रीकृष्ण […]

You May Like