
खंडवा। धुलकोट से शिवाबाबा होते हुए पंधाना आ रही एक निजी यात्री बस शनिवार दोपहर पंधाना थाना क्षेत्र अंतर्गत घाटाखेड़ी के पास जामनिया गांव समीप अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि बस के पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में बस में सवार 16 यात्री घायल हो गए, जिनमें 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को बस से बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस व एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंचीं। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पंधाना लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज हेतु खंडवा मेडिकल कॉलेज सह जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। अन्य घायलों का उपचार पंधाना अस्पताल में जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार श्रीकृष्णा बस कंपनी की यह बस जामनिया गांव के पास स्टेयरिंग फेल होने से चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई, जिससे दुर्घटना हुई। हादसे के बाद ग्रामीणों की तत्परता से कई यात्रियों की जान बच सकी।
सूचना पर पंधाना विधायक छाया मोरे अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने घायलों का हाल-चाल जाना और चिकित्सकों को बेहतर उपचार के निर्देश दिए। गंभीर घायलों के साथ भाजपा मंडल अध्यक्ष फकीरचंद कुशवाह को खंडवा भेजा गया तथा सिविल सर्जन से समन्वय कर उपचार सुनिश्चित किया गया।
पंधाना थाना पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है। प्रारंभिक तौर पर स्टेयरिंग फेल होना कारण बताया जा रहा है। घटना के बाद निजी बसों की फिटनेस और सुरक्षा मानकों पर भी सवाल उठे हैं।
