
बघवार। अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट बघवार द्वारा संचालित आदित्य बिड़ला हायर सेकेण्ड्री स्कूल में आयोजित दो दिवसीय वार्षिक खेल प्रतियोगिता का आज हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में सफल समापन हो गया। समापन अवसर पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में आदित्य बिड़ला पब्लिक स्कूल की प्राचार्य श्रीमती किरण एस. पटेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
खेल प्रतियोगिता का आयोजन 30 एवं 31 जनवरी को किया गयाए जिसमें विद्यालय के सभी वर्गों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। कार्यक्रम के शुभारंभ पर विद्यालय के प्राचार्य अतुल कुमार पाण्डेय द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं विधिवत् पूजा-अर्चना की गई। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं जो शारीरिक क्षमता के साथ-साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना एवं नेतृत्व गुणों का विकास करते हैं। खेल प्रतियोगिताओं के अंतर्गत सदनवार कबड्डी प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। सीनियर बालक वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता में भास्कर सदन ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि अरुण सदन ने द्वितीय स्थान एवं मार्तण्ड सदन ने तृतीय स्थान हासिल किया। इसके अतिरिक्त जूनियर बालक वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता में भास्कर सदन ने प्रथमए अरुण सदन ने द्वितीय एवं रवि सदन ने तृतीय स्थान प्राप्त कर अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया। इसी क्रम में सीनियर बालक वर्ग शतरंज प्रतियोगिता में भास्कर सदन के नैतिक द्विवेदी ने प्रथम स्थान, अरुण सदन के विवेक मिश्र ने द्वितीय स्थान तथा रवि सदन के हर्षित मिश्र ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान मुख्य अतिथि श्रीमती किरण एस. पटेल ने विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को पुरस्कारए ट्रॉफी एवं मेडल प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि खेल विद्यार्थियों के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और उन्हें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने विद्यालय द्वारा इस प्रकार के आयोजनों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मंच संचालन विद्यालय के शिक्षक अजय कुमार द्वारा किया गया। खेल प्रतियोगिता का सफल संचालन विद्यालय के खेल शिक्षक प्रकाश प्रजापति, मोहित मिश्र एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण एवं स्टाफ के सहयोग से पूरा आयोजन सुव्यवस्थित एवं अनुशासित रूप से सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय प्रबंधन द्वारा सभी प्रतिभागियों, विजेताओं, अतिथियों एवं आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
खेल महोत्सव में इन खेलों का हुआ आयोजन
दो दिवसीय खेल महोत्सव के अंतर्गत कबड्डी, वॉलीबॉल, रस्सी कूद, मेढक़ दौड़, जलेबी दौड़ सहित विभिन्न एथलेटिक एवं मनोरंजनात्मक खेलों का आयोजन किया गया। विशेष रूप से नन्हे बच्चों के लिए आयोजित रोचक प्रतियोगिताओं ने कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया। खेल मैदान में विद्यार्थियों का जोश, अनुशासन एवं खेल भावना देखते ही बन रही थी।
