
रतलाम। जिले में डीएलएड प्रथम एवं द्वितीय वर्ष परीक्षा 2026 को लेकर प्रशासन और शिक्षा विभाग पूरी तरह सक्रिय हो गया है। परीक्षा शुरू होने से पहले गोपनीय सामग्री का वितरण कर दिया गया है और अब 4 हजार 357 परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा का काउंटडाउन शुरू हो गया है। परीक्षा को निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा से लेकर व्यवस्थाओं तक सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित परीक्षा के लिए जिले में छह परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों हेतु गोपनीय परीक्षा सामग्री का वितरण कलेक्टर प्रतिनिधि एवं अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी निदेशक शर्मा की उपस्थिति में किया गया। इस दौरान सहायक संचालक राहुल मंडलोई, परियोजना अधिकारी जितेंद्र जोशी, समन्वयक प्राचार्य सुभाष कुमावत सहित शिक्षा विभाग एवं मंडल के अधिकारी मौजूद रहे।
परीक्षा प्रभारी माया मौर्या, शरद शर्मा और प्रेमलता व्यास ने वितरण प्रक्रिया को संपन्न कराया। सामग्री वितरण से पूर्व केंद्राध्यक्षों और सहायक केंद्राध्यक्षों को परीक्षा संचालन, गोपनीयता और अनुशासन संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। जानकारी के अनुसार डीएलएड प्रथम वर्ष की परीक्षा 2 जून से जबकि द्वितीय वर्ष की परीक्षा 3 जून से शुरू होगी। जिलेभर से कुल 4 हजार 357 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। प्रशासन ने गोपनीय सामग्री की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था की है। सामग्री संबंधित थानों में सुरक्षित रखी जाएगी और परीक्षा प्रारंभ होने से पूर्व कलेक्टर प्रतिनिधि की मौजूदगी में केंद्राध्यक्षों को सौंपी जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम कर लिए गए हैं, ताकि परीक्षार्थियों को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष वातावरण में परीक्षा देने का अवसर मिल सके।
