वैसे तो सैंडविच कई तरह से बनाए जाते है। सब्जी, मसालों और सॉस के साथ इसकी कई वेराइटी बन सकती है, लेकिन एक बार यह दही सैंडविच ट्राई करें। 10 मिनट में फटाफट तैयार हो जाता है।
सुबह ऑफिस जाने की जल्दी में ब्रेकफास्ट स्किप करने से बेहतर है, इस दही सैंडविच को फटाफट बनाएं और हेल्दी नाश्ता करके ऑफिस जाएं। आप इसे बच्चों के लंच बॉक्स, मॉर्निंग ब्रेकफास्ट, ट्रैवलिंग या फिर इवनिंग स्नैक्स के तौर पर भी इंजॉय कर सकते है।
अधिकतर लोगों को सैंडविच काफी पसंद होता है और हर घर में ब्रेड भी उपलब्ध होता है। ऐसे में इसे बनाने में बमुश्किल 10-15 मिनट लगता है। इसकी रेसिपी बेहद आसान औऱ फायरलेस है। इसे बनाने में बच्चों को भी शामिल किया जा सकता है। यह उनके लिए एक एक्टिविटी की तरह हो जाएगा।
दही सैंडविच के लिए सामग्री
- हंग कर्ड
- प्याज
- खीरा
- गाजर
- शिमला मिर्च
- हरा धनिया
- हरी मिर्च
- नमक
- काली मिर्च
- चाट मसाला
- हरी चटनी
- ब्रेड स्लाइस
क्या है दही सैंडविच बनाने की विधि
इसे तैयार करने के लिए सबसे पहले दही को एक सूती कपड़े में बांधकर टांग देते है। गर्मी के मौसम में फ्रिज में रखना बेहतर होगा। पहले से तैयारी हो, तो इसे रात भर छोड़ा जा सकता है। इससे दही सैंडविच के लिए परफेक्ट तैयार होगा। कई शहरों में हंग कर्ड मार्केट में भी उपलब्ध होता है।
इसके बाद सभी सब्जियों को अच्छे से धोकर पोंछ लें और बारीक काट लें। गाजर को कद्दूकस करें।
अब सभी सब्जियों को एक बड़े बाउल में डालकर हंग कर्ड के साथ मिक्स करें। अब इसमें नमक, काली मिर्च व चाट मसाला मिक्स करें।
अब ब्रेड की दो स्लाइस लेकर इसमें हरी चटनी लगाएंगे और दही के मिक्स्चर को एखसार फैलाएंगे और दूसरे ब्रेड से कवर करेंगे।
अब इसे बीच से काटें और इंजॉय करें।
क्या हैं इसके फायदे
हंग कर्ड या गाढ़ा दही, इसे ग्रीक योगर्ट भी कहा जाता है। इससे प्रोटीन, कैल्शियम, प्रोबायोटिक्स, विटामिन बी 12, पोटैशियम और फॉस्फोरस मिलता है। गर्मियों में खाने में दही का इस्तेमाल शरीर के लिए फायदेमंद होता है। इस सैंडविच में इस्तेमाल किए गए दही से प्रोटीन और प्रोबायोटिक्स मिलते हैं। सब्जियों से फाइबर और विटामिन मिलते हैं। इस सैंडविच को और अधिक हेल्दी बनाने के लिए मल्टीग्रेन ब्रेड का इस्तेमाल किया जा सकता है। दही व सब्जियों के मिश्रण से बनने वाला यह स्नैक एक कंप्लीट भोजन बन जाता है।
यह स्नैक बच्चों और बड़ों दोनों को पसंद आएगी। गर्मियों में अगर आप नाश्ते में कुछ हेल्दी, टेस्टी और झटपट बनाना चाहते हैं तो दही सैंडविच जरूर ट्राई करें।
