
इंदौर। सूदखोरों के दबाव और लगातार मानसिक प्रताड़ना से परेशान एक दूध व्यापारी ने अज्ञात जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। घटना बड़ा गणपति क्षेत्र की नारनोरी धर्मशाला के पास की है, जहां जहर खाने के बाद युवक ने अपने परिचित को फोन कर इसकी जानकारी दी थी। परिजन उसे तुरंत निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
थाना प्रभारी वेदेंद्र सिंह कुशवाह ने बताया कि मृतक की पहचान सांवरिया नगर साठ फीट रोड निवासी 32 वर्षीय आकाश तिवारी पिता कमल तिवारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आकाश ने मरने से पहले एक वीडियो में कर्ज देने वालों के नाम भी बताए हैं। मामले में मल्हारगंज पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और वीडियो समेत अन्य तथ्यों के आधार पर आत्महत्या के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
