
श्योपुर , कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन एवं जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. एसएन बिंदल के निर्देशन में विकासखंड कराहल के ग्राम गोवर्धा में मलेरिया नियंत्रण एवं रोकथाम हेतु विशेष गतिविधियां आयोजित की गईं। स्वास्थ्य दल द्वारा क्षेत्र में 17 व्यक्तियों की मलेरिया जांच (आरडीटी) की गई, जिनमें सभी की जांच रिपोर्ट नेगेटिव पाई गई। इसके साथ ही 73 घरों का लार्वा सर्वे किया गया, जिसमें 03 घरों में मच्छरों के लार्वा पाए गए। स्वास्थ्य दल द्वारा तत्काल लार्वा का नष्टीकरण किया गया तथा संबंधित परिवारों को मच्छरों की उत्पत्ति रोकने के उपायों की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य दल द्वारा ग्रामीणों को मलेरिया से बचाव के संबंध में जागरूक करते हुए बताया गया कि सोते समय फुल आस्तीन के कपड़े पहनें एवं मच्छरदानी का नियमित उपयोग करें। घरों के आसपास पानी जमा न होने दें तथा जलभराव की स्थिति में उसका निकास सुनिश्चित करें।
आवश्यकतानुसार अनुपयोगी जलभराव वाले स्थानों पर जला हुआ इंजन ऑयल डालकर मच्छरों के प्रजनन को रोकने के उपाय अपनाएं। ग्रामीणों को यह भी समझाइश दी गई कि बुखार आने पर तत्काल आशा कार्यकर्ता के माध्यम से रक्त की जांच करवाएं तथा निकटतम स्वास्थ्य संस्था से समय पर उपचार प्राप्त करें। उक्त गतिविधि के दौरान मलेरिया निरीक्षक नरसिंह गौड़, आशा सुपरवाइजर प्रतिमा प्रभाकर, आशा कार्यकर्ता धर्मा कुशवाहा, आंगनवाड़ी सहायिका कपूरी बाई उपस्थित रहे।
