वैज्ञानिक देश के गौरव और स्वाभिमान के सच्चे शिल्पी : मोदी

नयी दिल्ली, 11 मई (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैज्ञानिकों को देश के गौरव और स्वाभिमान के सच्चे शिल्पी बताते हुए राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस की शुभकामनाएं दी हैं।

प्रधानमंत्री ने 18 वर्ष पहले किए गए परमाणु परीक्षणों को भारत के सामर्थ्य का प्रतीक बताया है।

श्री मोदी ने सोमवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट में कहा, “ वर्ष 1998 में आज के दिन पोखरण में हुए परमाणु परीक्षण ने दुनिया को भारत के अद्भुत सामर्थ्य से परिचित कराया। हमारे वैज्ञानिक देश के गौरव और स्वाभिमान के सच्चे शिल्पी हैं।“

एक अन्य पोस्ट में उन्होंने प्रौद्योगिकी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस दिन हम अपने वैज्ञानिकों की मेहनत और समर्पण को याद करते हैं।

उन्होंने कहा,’ राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस पर शुभकामनाएँ। हम गर्व के साथ अपने वैज्ञानिकों की कठोर मेहनत और समर्पण को स्मरण करते हैं, जिनके कारण वर्ष 1998 में पोखरण में सफल परीक्षण संभव हो सके। वह ऐतिहासिक क्षण भारत की वैज्ञानिक उत्कृष्टता और अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक था।“

प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रौद्योगिकी आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का एक प्रमुख स्तंभ बन चुकी है। यह नवाचार को गति दे रही है, अवसरों का विस्तार कर रही है और विभिन्न क्षेत्रों में राष्ट्र की प्रगति में योगदान दे रही है। हमारी निरंतर प्राथमिकता प्रतिभाओं को सशक्त बनाना, अनुसंधान को प्रोत्साहित करना और ऐसे समाधान विकसित करना है जो राष्ट्रीय विकास तथा हमारे लोगों की आकांक्षाओं — दोनों की पूर्ति करें।

उल्लेखनीय है कि हर वर्ष 11 मई को राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस मनाया जाता है, जो 1998 में पोखरण में हुए सफल परमाणु परीक्षणों (ऑपरेशन शक्ति) और भारत की तकनीकी प्रगति का प्रतीक है।

 

Next Post

ट्रम्प ने युद्ध समाप्त करने के अमेरिकी प्रस्ताव पर ईरान की प्रतिक्रिया को बताया 'पूरी तरह अस्वीकार्य

Mon May 11 , 2026
वाशिंगटन,11 मई (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने युद्ध समाप्त करने के अमेरिकी प्रस्तावों पर ईरान की प्रतिक्रिया को “पूरी तरह अस्वीकार्य” करार दिया है। बीबीसी में प्रकाशित एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गयी। ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी तसनीम ने बताया कि पाकिस्तान के माध्यम से भेजे […]

You May Like