श्योपुर: ग्राम पंचायत सोई कलां से बाबा रामदेवजी महाराज के दर्शन के लिए बस यात्रा रवाना हुई। सरपंच हरिसिंह रावत की पहल पर शुरू हुई इस यात्रा में 5 बसों में 400 से ज्यादा श्रद्धालु शामिल हुए, जो भक्तिमय माहौल में रामदेवरा के लिए निकले।यात्रा की शुरुआत गांव के बाबा रामदेवजी मंदिर में पूजा-अर्चना से हुई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने घेर बालाजी पहुंचकर दर्शन किए। यह यात्रा गांव के मुख्य बाजार और बस स्टैंड से होते हुए सरपंच के घर पहुंची। यहां से पांचों बसें रामदेवरा के लिए रवाना की गईं। इस दौरान पूरा गांव बाबा रामदेवजी के जयकारों से गूंज उठा।
इस यात्रा में महिलाएं, बुजुर्ग और युवा समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हैं। श्रद्धालुओं में यात्रा को लेकर काफी उत्साह देखा गया। आस्था और भक्ति से भरा यह काफिला राजस्थान के कई प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करते हुए बाबा रामदेवजी की पवित्र नगरी रामदेवरा पहुंचेगा।
यात्रा के दौरान श्रद्धालु जोगनिया माई, सांवरिया सेठ, नाथद्वारा, चित्तौड़गढ़, अजमेर, पुष्कर, मेड़ता, मीरा बाई मंदिर, जोधपुर, मसूरिया पीर, रानी बाग और पोकरण जैसे कई धार्मिक स्थलों के दर्शन करेंगे। इन सभी जगहों के दर्शन के बाद श्रद्धालु रामदेवरा पहुंचकर बाबा रामदेवजी महाराज के दरबार में दर्शन और पूजा करेंगे।
