मध्य प्रदेश महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में दर्शकों के लिए होगा मुफ्त प्रवेश

नयी दिल्ली, 13 नवंबर (वार्ता) हॉकी इंडिया ने शुक्रवार को घोषणा की कि 19 से 28 नवंबर तक आयोजित होने वाली ‘मध्य प्रदेश महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026’ के लिए प्रशंसक स्टेडियम में मुफ्त प्रवेश पा सकेंगे।

भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में कुल 20 मैच खेले जाएंगे। लीग चरण के मैच 19 से 25 नवंबर तक होंगे, जबकि सेमीफाइनल 27 नवंबर को और मेडल मैच 28 नवंबर को खेले जाएंगे।

प्रशंसक डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू.टिकटजेनी.इन पर जाकर या ‘टिकटजेनी’ मोबाइल एप्लिकेशन डाउनलोड करके अपना मुफ्त एंट्री पास प्राप्त कर सकते हैं। रजिस्ट्रेशन के बाद, प्रशंसक मैचों की सूची में से अपनी पसंद के मैच चुन सकते हैं और क्यूआर कोड वाला एक डिजिटल एंट्री पास पा सकते हैं।

स्टेडियम में मुफ्त प्रवेश के लिए इस क्यूआर कोड को स्कैन कराना होगा। हॉकी इंडिया की इस पहल का उद्देश्य खेल के भविष्य में निवेश करके एक मजबूत हॉकी इकोसिस्टम तैयार करना, उभरती प्रतिभाओं के लिए अवसर बढ़ाना और यह सुनिश्चित करना है कि देश भर के प्रशंसकों को उच्च-स्तरीय अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं को देखने का बेहतर मौका मिले।

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने कहा, “प्रशंसकों के लिए प्रवेश मुफ्त करना, भोपाल के लोगों को अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी के करीब लाने का एक शानदार तरीका है। हम चाहते हैं कि ‘मध्य प्रदेश महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026’ एक ऐसा आयोजन बने, जहां परिवार, युवा खिलाड़ी और हॉकी प्रेमी उच्च-स्तरीय प्रतियोगिता के रोमांच का अनुभव कर सकें।”

हॉकी इंडिया के महासचिव और एशियन हॉकी फेडरेशन के उपाध्यक्ष भोला नाथ सिंह ने कहा, “हमें खुशी है कि हम इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के सभी मैचों को प्रशंसकों के लिए बिना किसी प्रवेश शुल्क के उपलब्ध करा रहे हैं। भोपाल के पास एशिया की बेहतरीन महिला हॉकी खिलाड़ियों को खेलते देखने का मौका है, और हमें उम्मीद है कि स्टेडियम उत्साही समर्थकों से भरा होगा। इस तरह की पहल खेल और प्रशंसकों के बीच के जुड़ाव को मजबूत करती है, साथ ही हॉकी खिलाड़ियों की अगली पीढ़ी को भी प्रेरित करती है।”

भारत अपना पहला लीग मैच 19 नवंबर को मलेशिया के खिलाफ खेलेगा। इसके बाद मेजबान टीम 21 नवंबर को दक्षिण कोरिया, 22 नवंबर को थाईलैंड, 24 नवंबर को चीन और 25 नवंबर को अपने आखिरी लीग-स्टेज मैच में जापान का सामना करेगी।

 

 

 

Next Post

दीप्ति शर्मा और मार्को यानसन ने जीता 'प्लेयर ऑफ द मंथ' का पुरस्कार

Fri Nov 13 , 2026
दुबई, 13 नवंबर (वार्ता) भारत की हरफनमौला खिलाड़ी दीप्ति शर्मा और दक्षिण अफ्रीका के हरफनमौला खिलाड़ी मार्को यानसन को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद अक्टूबर के लिए आईसीसी पुरुष और महिला खिलाड़ी चुना गया है। जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत के घरेलू दौरे में बल्ले और गेंद दोनों से […]

You May Like