कोरिया, 03 अक्टूबर (वार्ता) छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के पटना थाना क्षेत्र में ग्राम सांवारावा के पास शुक्रवार देर शाम पिकअप वाहन और ऑटो की टक्कर में तीन महिलाओं की मौत हो गई जबकि छह महिलाएं घायल हो गईं।
पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार ऑटो में करीब 15 लोग सवार थे। सभी बिलारो गांव में आयोजित दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अपने गांव करहीपारा छिंदिया लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम सांवारावा के पास एक पिकअप वाहन ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी।
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को पटना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने फुलकुंवर पति महेंद्र सिंह (50 वर्ष), रामबाई पति रामकुमार (60 वर्ष) और फुलकुंवर पति जगजीवन (60 वर्ष) को मृत घोषित कर दिया। तीनों महिलाएं करहीपारा छिंदिया की निवासी थीं। हादसे में घायल छह महिलाओं का उपचार जारी है।
घटना के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पटना थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस पिकअप वाहन और फरार चालक की तलाश कर रही है।
