मुम्बई / हैदराबाद, फ्लाईदुबई की उड़ान के दौरान अपनी जान की परवाह किए बिना 174 यात्रियों की जान बचाने वाले भारतीय कैप्टन स्मित मच्छर की बहादुरी का डंका पूरी दुनिया में बज रहा है। अब बॉलीवुड के ‘दबंग’ सुपरस्टार सलमान खान ने भी पायलट स्मित मच्छर की अदम्य साहस और सूझबूझ की खुले दिल से प्रशंसा की है। सलमान खान ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, “पायलट जी, आपने कमाल कर दिया, हम सब आपको सलाम करते हैं। आपके साथ उड़ान भरना एक बेहद सुखद और गर्व का अनुभव होगा। वेल डन ब्रो, कैप्टन स्मित मच्छर।” सलमान खान के इस संदेश के बाद सोशल मीडिया पर फैंस भी पायलट की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
कॉकपिट में हुए खौफनाक हमले के बावजूद 34 हजार फीट की ऊंचाई से विमान को सुरक्षित नीचे उतारा था कैप्टन ने
गौरतलब है कि गत बुधवार को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट (FZ1073) में ओमानी मूल के सह-पायलट ने अचानक कैप्टन स्मित मच्छर पर चाकू से हमला कर दिया था और विमान को क्रैश कराने की कोशिश की थी। उस समय विमान 34,000 फीट की ऊंचाई पर था और अचानक नीचे आने लगा था। गंभीर रूप से घायल होने और खून से लथपथ होने के बावजूद जांबाज कैप्टन स्मित ने हार नहीं मानी। उन्होंने किसी तरह कॉकपिट का दरवाजा खोला, जिससे यात्रियों को हमलावर को काबू करने का मौका मिला और अंत में उन्होंने सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई।
अबू धाबी के अस्पताल में चल रहा है इलाज, प्रधानमंत्री मोदी से वीडियो कॉल पर बयां किया था संघर्ष का वह पल
हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी वीडियो कॉल के जरिए कैप्टन स्मित मच्छर से बातचीत कर उनके अदम्य साहस की सराहना की थी। अबू धाबी के एक अस्पताल में उपचार करा रहे कैप्टन स्मित ने बातचीत के दौरान अपने संघर्ष के उन डरावने पलों को याद करते हुए बताया कि उन्हें अहसास था कि विमान दुर्घटनाग्रस्त हो सकता है, इसलिए उन्होंने अपनी जान की बाजी लगाकर पहले दरवाजा खोला ताकि अन्य लोगों की जान बचाई जा सके। 17 वर्षों के लंबे अनुभव वाले इस भारतीय कैप्टन की दिलेरी ने न केवल एक बड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय त्रासदी को टाल दिया, बल्कि पूरी दुनिया में देश के पायलटों का मस्तक ऊंचा कर दिया है।

