श्रीलंका ने बंगलादेश को 63 रनों से हराकर एशियाई खेलों की क्रिकेट प्रतियोगिता में जीता कांस्य पदक

निशिन (जापान) 03 अक्टूबर (वार्ता) थरिंडु रत्नायका (65 रन /दो विकेट) और कप्तान सहान अराछिगे (33 रन / एक विकेट) के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत श्रीलंका ने शनिवार को एशियाई खेलों की क्रिकेट प्रतियोगिता में बंगलादेश की पुरुष टीम को 63 रनों से हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया।

166 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बंगलादेश के बल्लेबाज श्रीलंका के गेंदबाजी आक्रमण के आगे नहीं टिक सके और उनकी पूरी टीम 17.3 ओवरों में 102 रनों पर ढ़ेर हो गई। इसी के साथ श्रीलंका ने प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल कर लिया। बंगलादेश की शुरुआत बेहद खराब रही और उसने मात्र 18 रन के स्कोर पर अपने चार विकेट गवां दिये। उसके शुरुआती तीन बल्लेबाज शून्य पर आउट हुये। नासुम अहमद ने सर्वाधिक (26) रन बनाये। उनके अलावा परवेज़ हुसैन इमॉन (22), यासिर अली (21) और रिशाद हुसैन (10) रन बनाकर आउट हुये। शेष बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके। 18वें ओवर की तीसरी गेंद पर सहान अराछिगे ने नासुम अहमद (26) रन को आउट कर बंगलादेश की पारी का 102 रनों के स्कोर पर अंत किया। श्रीलंका की ओर से नुवान तुषारा, थरिंडु रत्नायका, विजयकांत वियसकांत, वनुजा सहन ने दो-दो विकेट लिये। सहान अराछिगे ने एक बल्लेबाज को आउट किया।

इससे पहले आज यहां श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में नौ विकेट पर 165 रनों का स्कोर बनाया। श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने मात्र 21 रन के स्कोर पर अपने चार विकेट गवां दिये। ऐसे संकट के समय सहान अराछिगे ने अशेन बंडारा के साथ पारी को संभालने का प्रयास किया। दोनों बल्लेबाजों के बीच पांचवें के लिए 33 रनों की साझेदारी हुई। 11वें ओवर में रिशाद हुसैन ने अशेन बंडारा (18) रन को आउट इस साझेदारी का अंत किया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये थरिंडु रत्नायका ने पारी को संभाला और तेजी के साथ रन भी बटोरे। उन्होंने कप्तान अराछिगे के साथ छठे विकेट के लिए 93 रन जोड़कर बड़े स्कोर की नींव रखी। 19वें ओवर में मुस्तफिज़ुर रहमान ने रत्नायका को आउट कर इस साझेदारी का अंत किया। रत्नायका ने 32 गेंदों में सात चौके और पांच छक्के उड़ाते हुए (65) रनों की पारी खेली। अराछिगे ने 37 गेंदों में (33) रन बनाये।

बंगलादेश की ओर से मेहदी हसन, सैफ हसन और मुस्तफिज़ुर रहमान ने दो-दो विकेट लिये। अल इस्लाम और रिशाद हुसैन ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

 

Next Post

जेपी दत्ता की फिल्म बॉर्डर ने मचाया था धमाल, लेकिन फिर भी खुश नहीं थे डायरेक्टर

Sat Oct 3 , 2026
फिल्म बॉर्डर की ऐतिहासिक सफलता के बाद भी डायरेक्टर जेपी दत्ता बेहद दुखी थे। उनका दर्द था कि इस एक ब्लॉकबस्टर के कारण उनकी बाकी बेहतरीन फिल्मों को अनदेखा कर दिया गया। JP Dutta Birthday Special: फिल्म निर्देशक जेपी दत्ता ने भारतीय सिनेमा को कई यादगार फिल्में दी हैं, लेकिन […]

You May Like