भोपाल, (वार्ता) डिफेंडिंग चैंपियन भारत ने महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा है। शनिवार को दक्षिण कोरिया के खिलाफ 2-1 से महत्वपूर्ण जीत दर्ज करते हुए, भारत ने टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत हासिल की।
मुमताज खान ने 30वें मिनट में भारत के लिए पहला गोल किया, और इसके बाद तीसरे क्वार्टर में सुनेलिता टोप्पो ने गोल दागा। दक्षिण कोरिया की ओर से यंग्युन होंग ने 56वें मिनट में एक गोल किया। टूर्नामेंट में यह भारत की लगातार दूसरी जीत है; इससे पहले गुरुवार को भारत ने मलेशिया को 4-1 से हराया था। अब रविवार को भारत का मुकाबला थाईलैंड से होगा।
मुमताज खान ने 30वें मिनट में शानदार फील्ड गोल करके भारत को बढ़त दिलाई। इसके बाद, तीसरे क्वार्टर की शुरुआत के चार मिनट बाद, सुनेलिता टोप्पो ने पेनल्टी कॉर्नर के रिबाउंड पर गोल करके भारत की बढ़त को दोगुना कर दिया।
भारतीय टीम ने शानदार शुरुआत की और शुरुआत में खेल पर अपना दबदबा बनाए रखा। भारतीय खिलाड़ी आसानी से बार-बार कोरियाई सर्कल में पहुंचे, लेकिन वे इन मौकों को गोल में बदलने में नाकाम रहे। जल्द ही भारत को लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन नवनीत कौर के दूसरे प्रयास को कोरियाई गोलकीपर ने बचा लिया। नवनीत ने अपने शानदार खेल से भारत के लिए कई मौके बनाए, लेकिन उनकी सारी कोशिशें बेकार गईं क्योंकि कोरियाई खिलाड़ियों ने बड़ी संख्या में बचाव करते हुए अपने गोल को सुरक्षित रखा।
भारतीय डिफेंस की ओर से एक बेहतरीन पास नवनीत तक पहुँचा, जिन्होंने आगे दीपिका को गेंद दी। दीपिका के शॉट को कोरियाई गोलकीपर ने रोक दिया, लेकिन मुमताज सही समय पर सही जगह मौजूद थीं और उन्होंने गेंद को गोल में पहुँचाकर हाफ-टाइम से ठीक पहले भारत को बढ़त दिला दी।
हाफ-टाइम के बाद भी भारत ने अपना दबदबा बनाए रखा और लगातार हमले करके कोरियाई डिफेंस पर दबाव डाला। हाफ-टाइम के तुरंत बाद कप्तान सलीमा टेटे ने भारत के लिए एक और पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया, लेकिन दीपिका के फ्लिक को कोरियाई गोलकीपर ने बचा लिया। नवनीत के सीधे प्रयास के बाद, पेनल्टी कॉर्नर पर सुनेलिता ने शानदार टच के साथ भारत की बढ़त को दोगुना कर दिया और इस बढ़त को अंत तक बनाये रखा।
