दुबई, 21 नवंबर (वार्ता) बांग्लादेश के बल्लेबाज तौहीद हृदय को आईसीसी आचार संहिता के ‘लेवल 1’ का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया है। इसके चलते उन पर उनकी मैच फीस का 40 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। यह घटना बुधवार को जोहान्सबर्ग में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के दौरान हुई।
हृदय को ‘खिलाड़ियों और खिलाड़ी सहायता कर्मियों के लिए आईसीसी आचार संहिता’ के अनुच्छेद 2.8 का उल्लंघन करते पाया गया। यह अनुच्छेद “अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान अंपायर के फैसले पर असहमति जताने” से संबंधित है।
उनके अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में दो डिमेरिट अंक जोड़े गए हैं। 24 महीने की अवधि में यह उनका पहला अपराध था।
यह घटना तब हुई जब खराब रोशनी के कारण खेल रोक दिया गया था और ऑन-फील्ड अंपायर अहसान रजा और एलेक्स व्हार्फ बांग्लादेश टीम के ड्रेसिंग रूम की बालकनी के पास से गुजर रहे थे। हृदय ने अंपायरों के फैसले की आलोचना की और कहा कि खेल को और पहले ही रोक दिया जाना चाहिए था। उन्होंने अंपायरों से काफी आक्रामक और अनुचित तरीके से बात की।
हृदय ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया और एमिरेट्स आईसीसी एलीट पैनल ऑफ मैच रेफरी के एंडी पाइक्रॉफ्ट द्वारा प्रस्तावित सजा को भी मान लिया, इसलिए किसी औपचारिक सुनवाई की आवश्यकता नहीं पड़ी। ऑन-फील्ड अंपायर रजा और व्हार्फ, तीसरे अंपायर आसिफ याकूब और चौथे अंपायर लुबाबालो गकुमा ने यह आरोप लगाया था।
‘लेवल 1’ के उल्लंघन के लिए कम से कम आधिकारिक चेतावनी दी जा सकती है, और अधिकतम सजा के तौर पर खिलाड़ी की मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना तथा एक या दो डिमेरिट अंक दिए जा सकते हैं।
