
हैदराबाद, दादासाहेब फाल्के इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल अवार्ड्स 2026 के विजेताओं की सूची 20 नवंबर को आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट के माध्यम से घोषित की गई, जिसमें भारतीय सिनेमा के साथ-साथ कई अंतरराष्ट्रीय हस्तियों को भी सम्मानित किया गया है। इस वर्ष ‘धुरंधर’ को सर्वश्रेष्ठ फिल्म चुना गया, जिसके लिए रणवीर सिंह को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता, आदित्य धर को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक और आदित्य धर, ज्योति देशपांडे व लोकेश धर को सर्वश्रेष्ठ निर्माता का पुरस्कार मिला, जबकि अक्षय खन्ना को फिल्म में शानदार अभिनय के लिए विशेष सम्मान दिया गया। वहीं, अनीत पड्डा को ‘सैयारा’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री चुना गया और ‘सैयारा’ को वर्ष का सर्वश्रेष्ठ गीत तथा फहीम अब्दुल्ला को सर्वश्रेष्ठ पार्श्व गायक का खिताब हासिल हुआ।
अंतरराष्ट्रीय श्रेणी में टेलर स्विफ्ट और जेम्स कैमरून का जलवा, ‘अवतार: फायर एंड ऐश’ बनी बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म
वैश्विक सिनेमा और संगीत जगत से जुड़ी प्रमुख हस्तियों को भी इस मंच पर सराहा गया, जहां पॉप स्टार टेलर स्विफ्ट को ‘इंटरनेशनल आर्टिस्ट ऑफ द ईयर’ और फिल्मकार जेम्स कैमरून को ग्लोबल सिनेमा में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त ‘अवतार: फायर एंड ऐश’ को सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय फीचर फिल्म, माइकल बी. जॉर्डन को ‘सिनर्स’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय अभिनेता और पॉल थॉमस एंडरसन को सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय निर्देशक चुना गया, जबकि भारतीय श्रेणी में ‘कंटारा: चैप्टर 1’ को क्रिटिक्स बेस्ट फिल्म, ऋषभ शेट्टी को क्रिटिक्स बेस्ट एक्टर, यामी गौतम धर को क्रिटिक्स बेस्ट एक्ट्रेस, कमल हासन व इलैयाराजा को विशेष योगदान और करण औजला को आर्टिस्ट ऑफ द ईयर का पुरस्कार मिला।
वेब सीरीज और टीवी श्रेणी में आर्यन खान, जयदीप अहलावत और समय रैना ने मारी बाजी, ‘तारक मेहता’ को मिला बड़ा खिताब
डिजिटल और टेलीविजन मनोरंजन के क्षेत्र में ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ को सर्वश्रेष्ठ वेब सीरीज और आर्यन खान को इस सीरीज के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का सम्मान मिला, जबकि ‘पाताल लोक’ के लिए जयदीप अहलावत को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता व ‘दिल्ली क्राइम 3’ के लिए शेफाली शाह को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार दिया गया तथा समय रैना को ‘कॉमेडियन ऑफ द ईयर’ चुना गया। वहीं टेलीविजन वर्ग में ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ को वर्ष की सर्वश्रेष्ठ टेलीविजन सीरीज और स्मृति ईरानी को ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ में अभिनय के लिए विशेष पहचान से नवाजा गया, साथ ही रितेश देशमुख को हास्य भूमिका व विनीत कुमार सिंह को सहायक भूमिका के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का अवॉर्ड मिला।
